लखनऊ। चिनहट में सामुदायिक केंद्र के पास गुरुवार रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक ज्वैलर से जेवरात भरा बैग लूट लिया। ज्वैलर पिता-पुत्र दुकान बंद कर घर बाइक से घर लौट रहे थे। शोर सुनकर लोग आए मगर तब तक लुटेरे आंखों से ओझल हो गए। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर लुटेरों की घंटों तलाश की पर उनका सुराग नहीं मिला। पुलिस ने व्यवसायी की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है। चौक केचौपटिया निवासी राजू सोनी और उनके बेटे रिक्की की चिनहट के मल्हौर रेलवे क्रॉसिंग के पास अभिषेक ज्वैलर्स नाम से दुकान है। राजू के मुताबिक रात करीब 7:30 बजे दुकान बंद कर वे बेटे रिक्की के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में चिनहट के सामुदायिक केंद्र के सामने बाइक सवार तीन लुटेरों ने टक्कर मारकर उन्हें रोक लिया। इसके बाद लुटेरों ने तमंचे के बल पर सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग छीन लिया और जेब में रखे 13 हजार रुपये भी निकाल लिए। बचाव के लिए शोर मचाया और लोग जुटे भी पर तब तक लुटेरे चिनहट की ओर भाग गए। व्यवसायी पिता-पुत्र ने पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर चिनहट विजयमल सिंह यादव समेत कई पुलिसकर्मी घटनास्थल पहुंच गए। पुलिस ने इलाके की सीमाओं की घेराबंदी कर लुटेरों की तलाश शुरू की पर उनका सुराग नहीं मिला। व्यवसायी की मानें तो बैग में करीब तीन लाख रुपये के जेवरात थे।