लखनऊ। गुरुवार को लखनऊ से मुंबई आ रही लोकमान्य तिलक ट्रेन से एक व्यापारी का लाखों रुपये का पार्सल चोरी हो गया। घटना की जानकारी पर पहुंचे व्यापारियों ने पार्सल घर में जमकर हंगामा किया। व्यापारियों के मुताबिक, एसएलआर कोच की सुरक्षा के लिए रेलवे न तो कोई क्लेम देता है और न ही सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम उठाता है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही चोरों को पकड़ा नहीं गया तो वे आंदोलन करेंगे। जीआरपी के मुताबिक, मुंबई से गोरखपुर जाने वाली लोकमान्य तिलक ट्रेन के एसएलआर कोच से लखनऊ के व्यापारियाें का माल आता है। गुरुवार को सतीश नाम के व्यापारी का माल आ रहा था, लेकिन कानपुर स्टेशन पहुंचने से पहले ही चोरों ने सेंध लगा दी। मालूम हो कि आए दिन मुंबई से कई व्यापारी अपना माल लखनऊ, कानपुर लाते हैं। सतीश ने भी मुंबई से घरेलू उपयोग में आने वाला सामान मंगवाया था। जिनमें साबुन, सेंट, खजूर, कंबल, काजू व नमाज पढ़ने की चटाई थी। जो एसएलआर कोच से गायब थी। चौकी प्रभारी मोहम्मद इरशाद ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामला दर्ज किया जाएगा। साथ ही मामले को संबंधित थाने को स्थानांतरित किया जाएगा।