महान अमेरिकी रेसलर हल्क होगन का गुरुवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। 71 वर्ष की आयु में उन्होंने अंतिम सांस ली। बता दें कि, 11 अगस्त 1953 को जॉर्जिया के ऑगस्टा में जन्में हल्क पेशेवर कुश्ती के इतिहास के सबसे प्रतिष्ठित शख्सियतों में से एक थे।
डब्ल्यूडब्ल्यूई ने जताया दुख
हल्क होगन के निधन की जानकारी देते हुए डब्ल्यूडब्ल्यूई ने ट्वीट किया। इसमें लिखा गया, 'डब्ल्यूडब्ल्यूई को यह जानकर दुख हुआ है कि डब्ल्यूडब्ल्यूई हॉल ऑफ फेमर हल्क होगन का निधन हो गया है। पॉप संस्कृति की सबसे चर्चित हस्तियों में से एक, होगन ने 1980 के दशक में डब्ल्यूडब्ल्यूई को वैश्विक पहचान दिलाने में मदद की थी। डब्ल्यूडब्ल्यूई होगन के परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता है।'