एशियन गेम्स 2026 में गुरुवार को नाओरेम रोशिबिना देवी ने यादगार प्रदर्शन किया। मणिपुर की रहने वाली वुशु की इस खिलाड़ी ने 60 किग्रा के सांडा इवेंट में रजत पदक जीता। लगातार तीसरे एशियन गेम्स में उनका यह तीसरा मेडल है। रोशिबिना ने अपनी उपलब्धि पर खुशी जताई है। रोशिबिना ने 2018 में जकार्ता में हुए एशियन गेम्स में कांस्य और 2023 में हांग्झू में हुए एशियन गेम्स में रजत पदक जीता था। रोशिबिना एशियाई खेलों में वुशु में लगातार तीन पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं।
रोशिबिना देवी ने रजत पदक जीतने के बाद कहा, मुझे बहुत खुशी है कि यह भारत का तीसरा पदक है। यह तीसरा एशियन गेम्स मेडल है और आने वाले गेम्स में हम और भी कड़ी तैयारी करेंगे और मेडल का रंग बदलने का लक्ष्य रखेंगे।
महिलाओं के 60 किग्रा सांडा इवेंट में मिला पदक
महिलाओं के 60 किग्रा सांडा इवेंट में रोशिबिना देवी ने रजत पदक जीता। रोशिबिना को फाइनल में चीन की झांग शियाओयू से 0-2 से हार का सामना करना पड़ा और परिणामस्वरूप उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। झांग ने टाइटल बाउट में दबदबा बनाया और दोनों राउंड 5-0 से जीतकर मुकाबला 10-0 से अपने नाम कर लिया। 25 साल की इस मणिपुरी एथलीट ने वुशु के कॉम्बैट-स्पोर्ट डिसिप्लिन, सांडा के उसी वेट डिवीजन में दूसरी बार सिल्वर मेडल जीता। उन्होंने पहले क्वार्टर फाइनल में मकाओ की चू मान सिन को 5-0 से हराकर मेडल पक्का किया था।
राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री ने दी बधाई
वुशु की सांडा श्रेणी में सेमीफाइनलिस्टों का कम से कम कांस्य पदक पक्का हो जाता है। रोशिबिना 2022 में अपने प्रदर्शन को बेहतर करना चाहती थीं। उन्होंने इंडोनेशिया की थानिया कुसुमनिंगत्यास को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई, लेकिन आखिर में स्वर्ण पदक के मुकाबले में चीन की झांग शियाओयू से 0-2 से हार गईं। रोशिबिना को लगातार तीसरे एशियन गेम्स में मेडल जीतने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, खेल मंत्री मनसुख मांडविया और मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने बधाई दी।