कुश्ती को ओलंपिक में बनाए रखने के लिए भारत के अलावा रूस भी जोर-शोर से जुट गया है। रूसी के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतीन के सहायक ने कहा है कि रूस, ओलंपिक खेलों में कुश्ती के भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव कोशिश करेगा।
उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति ने पिछले सप्ताह कुश्ती को ओलंपिक खेलों की प्रमुख सूची से हटा दिया है। तभी से कुश्ती की पारंपरिक पृष्ठभूमि वाले देश जैसे रूस, इरान तथा भारत, ओलंपिक समिति के इस फैसले का विरोध कर रहे हैं।
दिमित्री पेस्कोव ने कहा, 'निश्चित रूप से, इस बात की पूरी संभावनाएं हैं। आधिकारिक और कार्यकारी सभी स्तरों पर हम ओलंपिक समिति के कार्यकारी बोर्ड तथा ओलंपिक समिति के सदस्यों से मिलकर इस निर्णय को वापस लेने के लिए अपने तर्क रखेंगे।'
ओलंपिक समिति सितंबर में ब्यूनस आयर्स में 2020 में होने वाले ओलंपिक कार्यक्रमों तथा मेजबान शहर के बारे में अंतिम घोषणा करेगी।