कुश्ती खिलाड़ियों का होगा सम्मान
जिला कुश्ती संघ भारतीय पद्धति की ओर से कुश्ती खिलाड़ी प्रतिभा सम्मान समारोह 18 मई को सारनाथ के खाटू श्याम उपवन में होगा। इसमें कुश्ती के छह राष्ट्रीय पदक विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन सचिव वेद प्रकाश यादव (कुश्ती कोच साई) ने बताया कि कुश्ती को बढ़ाने के लिए इस विधा से जुड़े खिलाड़ियों का सम्मानित करने का फैसला किया गया है। इससे कुश्ती में नई प्रतिभा को निखारने का काम किया जाएगा। इसमें कुश्ती कोच, उस्ताद और खलीफा का भी सम्मान होगा। मुख्य अतिथि रामाश्रय पहलवान खिलाड़ियों को सम्मानित करने के साथ पुराने और आधुनिक कुश्ती की बारीकियां भी बताएंगे।
काशी की बेटी यश्विनि ने ताइक्वांडो में जीता स्वर्ण
लखनऊ में आयोजित प्रदेश स्तरीय पुमसे ताइक्वांडो में प्रतियोगिता में पलही पट्टी प्रेम नगर की यश्विनि सिंह ने आगरा की खिलाड़ी को मात देकर स्वर्ण पदक जीता। 17 से 18 मई तक प्रतियोगिता में जूनियर (14 से 17) आयु वर्ग में याश्विनि ने हिस्सा लिया था। अब तक प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में सात से आठ पदक और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में तीन से चार स्वर्ण जीत चुकी हैं।
जिला ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि यश्विनि के अलावा प्रतियोगिता में तमन्ना प्रजापति, प्रशाद सैनी, विपिन, सूरज पाल और हिमांशु का चयन हुआ है। इन्होंने राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई किया है। इसी महीने के अंत में देहरादून में प्रतियोगिता होगी।
नॉकआउट आधार पर खेली जाएगी फुटबाॅल प्रतियोगिता
यूपीएससी और सीएट कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में अंतर स्कूल फुटबॉल प्रतियोगिता गहनी के आयर बाजार के सीएट कॉलेज में खेली जाएगी। अंडर-15 फुटबॉल प्रतियोगिता नाॅकआउट के आधार पर होगी। एक मैच तीस मिनट होगा। इसमें 13 टीमें खेलेंगी। यूपीएससी के सचिव सत्येंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता की विजेता, उप विजेता और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को पुरस्कृत किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी 26 मई से आयोजित फुटबाॅल शिविर में हिस्सा लेंगे।
मार्शल आर्ट के खिलाड़ियों का बीएचयू वेलनेस सेंटर में सम्मान।
- फोटो : अमर उजाला
चिकित्सा के साथ खेल में अव्वल पेशेवरों का सम्मान
आईएमएस बीएचयू न्यूरोलॉजी विभाग के चिकित्सक प्रो आरएन चौरसिया ने सर सुंदरलाल चिकित्सालय के महामना वेलनेस सेंटर में आयोजित खिलाड़ी सम्मान समारोह में कहा कि फिजिकल फिटनेस के साथ मेंटल फिटनेस बरकरार रखने के लिए खेल महत्वपूर्ण है। स्वस्थ रहने के लिए व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।
सेंटर में नियमित अभ्यास करने वाले चिकित्सा क्षेत्र से संबंधित पेशेवर ने नाइन एकेडमी की ओर से आयोजित कराटे बेल्ट टेस्ट परीक्षा उत्तीर्ण की है। वेलनेस सेंटर इंचार्ज प्रो. अमित नंदनधर द्विवेदी खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस परीक्षा में सुषमा वर्मा जी ने ब्लैक बेल्ट सेकंड डैन, ऋचा सिंह ब्राउन बेल्ट, लक्ष्मी पाठक ब्राउन बेल्ट, डॉ. प्रखर जायसवाल ब्राउन बेल्ट, डॉ. शिवांगी गुप्ता ने ब्राउन बेल्ट की परीक्षा उत्तीर्ण की है।
रिडमिक एरोबिक्स सीखते बच्चे।
- फोटो : अमर उजाला
आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चे सीख रहे एरोबिक्स
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से लल्लापुर खुर्द आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों को रिदमिक एरोबिक्स का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। लालपुरा खुर्द वार्ड के 6 साल के बच्चों को प्री स्कूल एजुकेशन दी जाती है। इसमें बच्चों खेल-खेल में गतिविधि करते हैं। अंतरराष्ट्रीय एथलीट डॉ. नीलू मिश्रा के निर्देशन में बच्चे रिदमिक एरोबिक्स सीख रहे हैं। छोटे बच्चों के मसल्स बहुत फ्लेक्सिबल होती है।
आल्हा काल्हा तालाब में तैराकी और वाटर पोलो की ट्रेनिंग लेंगे खिलाड़ी
उत्तर प्रदेश एडवेंचर स्पोर्ट्स क्लब की ओर से परमानंदपुर के आल्हा काल्हा तालाब में तैराकी और वाटर पोलो खेल होंगे। सब जूनियर आयु वर्ग के बालक बालिकाओं को वाटर स्पोर्ट्स का निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा।
क्लब के चेयरमैन डॉ एके सिंह ने बताया कि आदर्श तालाब में स्विमिंग के अलावा वाटर पोलो खेल को भी बढ़ावा देने के लिए प्रशिक्षण के बाद स्पर्धाएं आयोजित होंगी। पहले चरण में 12 बालक-बालिकाओं काे प्रशिक्षण दिया जाएगा। शुरुआत में उन्हीं खिलाड़ियों को चयन में शामिल किया जाएगा जिन्हें तैरना आता हो। आदर्श तालाब के पानी के गुणवत्ता की जांच उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड वाराणसी की प्रयोगशाला में कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इसमें खेल विभाग उत्तर प्रदेश, बनारस रेल इंजन कारखाना और बीएचयू के खेल विशेषज्ञों की मदद ली जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों के तैराकी के खिलाड़ी संसाधनों के अभाव में लालपुर से 15 किमी दूर सिगरा स्टेडियम में खेलने नहीं जा पाते हैं। ऐसे खिलाड़ियों के अपने क्षेत्र में ही खेल तकनीकी में सुधार लाने का मौका मिलेगा। वाराणसी में तीन स्थानों पर स्विमिंग पूल हैं। इसमें बीएचयू में ही सही समय पर तैराकी का प्रशिक्षण दिया जाता है। सिगरा स्टेडियम में तीन साल बाद तैराकी का प्रशिक्षण शुरू हुआ है जबकि बरेका में स्विमिंग पूल में तैराकी प्रशिक्षण का इंतजार हो रहा है।
कार्यशाला में मार्शल आर्ट का दिया प्रशिक्षण
मणि मेमोरियल सोसाइटी की ओर से ग्रीष्मकालीन छह दिवसीय कार्यशाला शनिवार को संपन्न हुई। 12 मई से 17 मई कार्यशाला में 200 खिलाड़ियों को आत्मरक्षा के लिए मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग दी गई। समापन समारोह के मुख्य अतिथि आयुर्वेदिक चिकित्सक पहड़िया डॉ. हरिओम पाण्डेय ने भाग लेने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस मौके पर सक्षम काशी प्रांत के सचिव घनश्याम पांडेय, बीबी भास्कर राव, अन्नपूर्णा राव मौजूद थे।