विश्व शतरंज कप के चौथे दौर में मंगलवार को सभी भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी बाजियां ड्रॉ खेलीं, जिसके चलते पांचों खिलाड़ी अब भी अगले दौर में पहुंचने की दौड़ में बने हुए हैं। ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगेसी ने हंगरी के दिग्गज खिलाड़ी पीटर लेको के खिलाफ मुकाबला खेला। एरिगेसी को ज्यादा मुश्किलों का सामना नहीं करना पड़ा और लेको सफेद मोहरों से खेलते हुए ड्रॉ से संतुष्ट दिखे। अब उम्मीद है कि अर्जुन दूसरी बाजी में जीत हासिल करने के लिए पूरी ताकत झोंकेंगे।
इसी तरह, प्रज्ञानंद और डेनियल डुबोव के बीच भी मुकाबला बराबरी पर छूटा। डुबोव ने मैच में जोखिम उठाने की कोशिश की, लेकिन अंततः बाजी ड्रॉ मान ली। अन्य मुकाबलों में, ग्रैंडमास्टर पी. हरिकृष्णा ने स्वीडन के निल्स ग्रैंडेलियस, वी. प्रणव ने उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक याकुबोएव, और वी. कार्तिक ने वियतनाम के ली कुआंग लिएम के खिलाफ ड्रॉ खेला। इन नतीजों के बाद सभी भारतीय खिलाड़ी टूर्नामेंट में अपनी उम्मीदें कायम रखे हुए हैं और अब निर्णायक दूसरी बाजियों में जीत हासिल करने पर नजरें टिकी हैं।