राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत का पहला पदक बिहार के नालंदा जिले के हरनौत गांव के रहने वाले पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने दिलाया। पुरुषों के हेवीवेट वर्ग में उन्होंने 130.9 अंक हासिल करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। झंडू ने 181 किलोग्राम और 190 किलोग्राम वजन सफलतापूर्वक उठाया, जबकि 196 किलोग्राम का उनका अंतिम प्रयास सफल नहीं हो सका। इस स्पर्धा का स्वर्ण नाइजीरिया के इदरीस रिलवान (132.8 अंक) और रजत इंग्लैंड के मैथ्यू हार्डिंग (131 अंक) ने जीता।
झंडू कुमार की जिंदगी आसान नहीं रही। महज पांच वर्ष की उम्र में पोलियो ने उन्हें शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण बना दिया। आर्थिक तंगी इतनी थी कि परिवार की मदद के लिए उन्हें माता-पिता के साथ सब्जियां बेचनी पड़ती थीं। हरनौत के स्थानीय बाजारों तक पहुंचने के लिए वह करीब 20 किलोमीटर का सफर करते थे। उस समय उनके पास व्हीलचेयर तक नहीं थी।
वर्ष 2010 से 2012 के बीच झंडू ने शुरुआत में सिर्फ शरीर को मजबूत बनाने के लिए वेट ट्रेनिंग शुरू की थी। इसके बाद उन्होंने शॉट पुट और भाला फेंक में भी हाथ आजमाया, लेकिन आखिरकार पैरा पावरलिफ्टिंग को अपना करियर बना लिया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने के लिए जरूरी पोषण जुटाना भी उनके लिए बड़ी चुनौती था। रोजी-रोटी चलाने के लिए उन्होंने दोस्तों से उधार लेकर ई-रिक्शा खरीदा, लेकिन कोरोना महामारी के दौरान यह काम भी ठप पड़ गया। इसके बावजूद उन्होंने अभ्यास नहीं छोड़ा और लगातार मेहनत करते रहे।
ग्लास्गो में झंडू कुमार ने कांस्य पदक जीतकर राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत का खाता खोला। वहीं इसी स्पर्धा में भारत के सुधीर 114.1 अंक के साथ छठे स्थान पर रहे। पुरुषों के लाइटवेट वर्ग में अशोक मलिक पदक से मामूली अंतर से चूककर चौथे स्थान पर रहे, जबकि परमजीत कुमार सातवें स्थान पर रहे। महिलाओं के हेवीवेट वर्ग में कस्तूरी राजामणि अपने तीनों प्रयासों में असफल रहीं। वहीं लाइटवेट वर्ग में जसप्रीत कौर और सुमन देवी भी पदक नहीं जीत सकीं।
#WATCH | Glasgow, Scotland | National coach for Indian para-powerlifting and wrestling, Jitender Pal Singh, says, "... Para powerlifting is the toughest among all the para sports. Winning a medal in this tournament means you are a contender for winning a medal in the Olympics… pic.twitter.com/s0y6ETAfvB
— ANI (@ANI) July 24, 2026
#WATCH | Glasgow, Scotland | Jhandu Kumar's coach, Rajinder Singh Rahelu, says, "... We've started India's journey to winning medals at the Commonwealth Games. It feels great..." pic.twitter.com/uN127n7T5S
— ANI (@ANI) July 24, 2026