75वें टाटा स्टील शतरंज टूर्नामेंट में विश्व चैंपियन विश्वनाथन आनंद को हार का सामना करना पडा़ है। चीन के वांग हाओ ने 13वीं और अंतिम बाजी में आनंद को मात दे दी। इस हार के साथ आनंद टूर्नामेंट में संयुक्त तीसरे स्थान पर रहे।
आनंद के पास टूर्नामेंट में दूसरे स्थान पर आने का मौका था लेकिन वे इस मौके को भुना नहीं पाए। इस टूर्नामेंट में उनकी यह पहली हार थी। पूरे टूर्नामेंट में आनंद ने चार बाजियां जीतीं, आठ ड्रा खेलीं और एक में उन्हें हार का सामना करना पडा। आनंद आठ अंकों के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर रहे। उन्हें इस टूर्नामेंट से सात रेटिंग अंक मिले और वह विश्व रैंकिंग में सातवें स्थान पर बरकरार हैं।
इससे पूर्व विश्व के नंबर एक खिलाडी नार्वे के मैग्नस कार्लसन और हालैंड के अनीष गिरि के बीच मैच ड्रा रहा। कार्लसन को 13 में से दस अंक मिले हैं, इसके साथ ही उन्होंने रूस के महान खिलाडी गैरी कास्परोव के 1999 में बनाए गए रिकार्ड की बराबरी कर ली। कार्लसन पहले ही इस टूर्नामेंट के खिताब पर अपनी जीत सुनिश्चित कर चुके हैं।
वहीं, इस टूर्नामेंट में पहली बार खेल रहे भारत के पी हरिकृष्ण ने अमेरिका के हिकारू नाकामूरा के साथ अपनी बाजी ड्रा खेली। वह साढे छह अंकों के साथ सातवें नंबर पर रहे। साथ ही वह इस प्रदर्शन से 2700 रेटिंग क्लब में शामिल हो गए। हरिकृष्ण यह उपलब्धि हासिल करने वाले तीसरे भारतीय हैं। इससे पहले आनंद और के शशिकिरण इस क्लब में शामिल हो चुके हैं।
आर्मेनिया के लेवोन एरोनियन दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने इटली के फेबियानो कारआना के साथ आखिरी बाजी ड्रा खेली। रूस के सर्गेई कर्जाकिन हालैंड के लोएक वान वेली को हराकर आठ अंकों के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर रहे। हंगरी के पीटर लेको पांचवें, नाकामूरा छठे और चीन के यिफान हाओ 11वें स्थान पर रहे।