भारतीय बैडमिंटन स्टार और दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने खुलासा किया है कि भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली की एक छोटी-सी सलाह ने उनके करियर के मुश्किल दौर में उनकी सोच बदलने में अहम भूमिका निभाई। सिंधू ने बताया कि जब वह अपने करियर के सबसे कठिन दौर से गुजर रही थीं और उन्हें लग रहा था कि कुछ भी उनके पक्ष में नहीं हो रहा, तब कोहली ने उन्हें सिर्फ एक बात कही बस मैदान पर उतरिए। सिंधू ने यह किस्सा आरसीबी पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान साझा किया। उन्होंने बताया कि वह कोहली को अपने भाई जैसा मानती हैं और मुश्किल समय में उनसे हुई बातचीत आज भी उन्हें प्रेरित करती है।
जब सिंधू ने कहा- कुछ भी नहीं हो रहा
अपने मुश्किल दौर को याद करते हुए सिंधू ने बताया कि उन्होंने कोहली से मुलाकात के दौरान अपनी परेशानी साझा की थी। उस समय उन्हें लग रहा था कि उनकी मेहनत के बावजूद चीजें सही दिशा में नहीं जा रही हैं। सिंधू के मुताबिक, कोहली ने उनकी बात सुनने के बाद बेहद सरल जवाब दिया। सिंधू ने कहा, 'वह मेरे भाई जैसे हैं। मुझे याद है जब मैं अपने सबसे निचले दौर में थी। मैंने उनसे कहा था कि कुछ भी नहीं हो रहा है। उन्होंने बस कहा, बस मैदान पर उतरिए, ठीक है। बाहर जाइए और बस अपना खेल खेलिए।'
'नतीजे की चिंता मत करो, बस अपना खेल खेलो'
सिंधू ने कहा कि कोहली की यह बात उन्हें भीतर तक छू गई। उन्होंने महसूस किया कि खिलाड़ी को हर समय नतीजे के बारे में सोचने के बजाय अपनी तैयारी और खेल पर भरोसा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोहली ने उन्हें समझाया कि उन्हें हर जगह और हर परिस्थिति में बस अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए मैदान पर उतरना चाहिए। सिंधू ने बताया, 'उन्होंने मुझसे कहा कि कहीं भी और किसी भी चीज के लिए बस मैदान पर उतरिए और अपना खेल खेलिए। इससे क्या होगा? आप कुछ खोने वाले नहीं हैं। आप जानते हैं कि आप कौन हैं, आपने कैसी ट्रेनिंग की है। बस मैदान पर उतरिए और दुनिया को दिखाइए कि आप क्या कर सकते हैं।' सिंधू ने कहा कि इस बातचीत ने उनकी सोच पूरी तरह बदल दी।
जीत के बाद कोहली से साझा करती हैं खुशी
पीवी सिंधू ने यह भी बताया कि वह आज भी विराट कोहली के संपर्क में हैं। जब भी वह कोई बड़ी उपलब्धि हासिल करती हैं, तो कोहली के साथ अपनी खुशी साझा करती हैं। उन्होंने कहा, 'जब भी मैं जीतती हूं, तो अपनी खुशी उनसे साझा करती हूं और बताती हूं कि मैंने यह या वह जीता है। हाल ही में भी उनसे मुलाकात हुई। ऐसे व्यक्ति से मिलना हमेशा अच्छा लगता है, जिसने इतना कुछ हासिल किया हो और जिससे कुछ सीखने को मिले।'
कोहली के दबाव में प्रदर्शन की कायल हैं सिंधू
सिंधू ने विराट कोहली के खेल और मानसिक मजबूती की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि जिस तरह कोहली दबाव के बीच मैदान पर उतरते हैं और अपने खेल पर भरोसा रखते हैं, वह उन्हें काफी प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि कोहली के सोचने का तरीका, मैदान पर उनका रवैया और प्रदर्शन बेहद प्रेरणादायक है। सिंधू ने उनके अब तक के करियर और उपलब्धियों के लिए उन्हें सलाम भी किया।
वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिंधू की शानदार शुरुआत
पीवी सिंधू इस समय 2026 बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में हिस्सा ले रही हैं, जिसका आयोजन नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में हो रहा है। पूर्व विश्व चैंपियन सिंधू ने टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत करते हुए महिला एकल के अपने पहले मुकाबले में आयरलैंड की सोफिया नोबल को सीधे गेमों में 21-7, 21-11 से हराया। यह मुकाबला महज 29 मिनट चला। इस जीत के साथ सिंधू ने टूर्नामेंट के राउंड ऑफ 32 में जगह बना ली है।