फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोहली और रोनाल्डो से मेसी तक: इंस्टाग्राम पर कई सेलिब्रिटीज के अचानक घटे लाखों फॉलोअर्स; वजह जानकर चौंक जाएंगे

Fri, 08 May 2026 01:19 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

इंस्टाग्राम की फेक अकाउंट और बॉट हटाने की कार्रवाई में विराट कोहली, क्रिस्टियानो रोनाल्डो, प्रियंका चोपड़ा और काइली जेनर जैसे बड़े नामों के लाखों फॉलोअर्स कम हुए हैं। इस अभियान ने सोशल मीडिया लोकप्रियता और वास्तविक फैनबेस पर नई बहस छेड़ दी है।
विज्ञापन
कोहली, रोनाल्डो और मेसी - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सोशल मीडिया के दौर में लोकप्रियता सिर्फ मैदान, फिल्मों या मंच तक सीमित नहीं रह गई है। आज स्टारडम का बड़ा पैमाना इंस्टाग्राम फॉलोअर्स बन चुके हैं। क्रिकेट में विराट कोहली, फुटबॉल में क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनल मेसी से लेकर मनोरंजन जगत में प्रियंका चोपड़ा और काइली जेनर जैसे नाम करोड़ों लोगों की पसंद माने जाते हैं। हालांकि, अब इंस्टाग्राम की एक बड़ी कार्रवाई ने इस चमकदार दुनिया के पीछे की सच्चाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फेक अकाउंट्स और बॉट्स हटाने के अभियान के बाद कई बड़े खिलाड़ियों और सितारों के लाखों फॉलोअर्स अचानक कम हो गए हैं।
विज्ञापन

रोनाल्डो और मेसी - फोटो : FIFA.COM
खिलाड़ियों पर भी असर, कोहली-रोनाल्डो चर्चा में
खेल जगत में विराट कोहली और क्रिस्टियानो रोनाल्डो सोशल मीडिया के सबसे बड़े चेहरों में गिने जाते हैं। विराट दुनिया के सबसे लोकप्रिय क्रिकेटरों में शामिल हैं, जबकि रोनाल्डो इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले एथलीट्स में से एक हैं। इंस्टाग्राम की सफाई के बाद इन बड़े नामों के फॉलोअर्स में कमी की खबर ने चर्चा तेज कर दी है। इससे यह सवाल उठ रहा है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाली लोकप्रियता का कितना हिस्सा असली है और कितना कृत्रिम। 

कोहली, जिनकी इंस्टाग्राम पर फॉलोइंग कुछ समय पहले तक 27.6 करोड़ से ज्यादा थी, अब फेक अकाउंट्स हटाने के बाद 27.3 करोड़ हो चुकी है। वहीं, रोनाल्डो, जिनके इंस्टाग्राम पर कुछ समय तक 67.3 करोड़ फॉलोअर्स थे, अब 66.4 करोड़ हो चुके हैं। इसी प्रक्रिया के दौरान लियोनल मेसी के अकाउंट के फॉलोअर्स भी 51.2 करोड़ से घटकर 50.7 करोड़ रह गए। यही हाल बॉलीवुड और हॉलीवुड फिल्मी सितारों का भी है। 
 



विराट कोहली - फोटो : amar ujala
सिर्फ स्टार्स नहीं, पूरी इंडस्ट्री पर असर
रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रियंका चोपड़ा, काइली जेनर, एलेन डीजेनरेस जैसे कई बड़े नाम भी इस सफाई अभियान से प्रभावित हुए हैं। लंदन स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ कॉन्टेम्परोरी म्यूजिक परफॉर्मेंस की पुरानी स्टडी में दावा किया गया था कि कई बड़े सितारों के अकाउंट्स पर बड़ी संख्या में फेक फॉलोअर्स थे। कुछ मामलों में यह आंकड़ा 50 प्रतिशत से भी ज्यादा बताया गया था। हालांकि इन दावों पर संबंधित सितारों ने सार्वजनिक रूप से ज्यादा प्रतिक्रिया नहीं दी थी। चार साल पहले प्रियंका चोपड़ा को फेक फॉलोअर घोटाले से जुड़े मामले में मुंबई पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया था। हालांकि, उन्होंने इस मुद्दे पर न तो किसी इंटरव्यू में और न ही सोशल मीडिया पर कभी खुलकर बात की।
 
विज्ञापन

प्रियंका चोपड़ा - फोटो : इंस्टाग्राम
फेक फॉलोअर्स का खेल कैसे चलता है?
एलेन डीजेनरेस इस सूची में सबसे ऊपर थीं। इंस्टाग्राम पर उनके 3.8 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स थे, लेकिन पांच साल पहले आई रिपोर्ट में दावा किया गया था कि उनके 58 प्रतिशत से ज्यादा फॉलोअर्स फेक थे। भारत हो या विदेश, किसी भी बड़े सेलिब्रिटी ने फॉलोअर्स बढ़ाने के लालच और सोशल मीडिया प्रभाव बढ़ाने के लिए फेक फॉलोअर्स खरीदने के मुद्दे पर खुलकर बात नहीं की है। ये अकाउंट्स असली यूजर नहीं होते, बल्कि बॉट्स या निष्क्रिय प्रोफाइल होते हैं। इनका इस्तेमाल ब्रांड वैल्यू बढ़ाने, स्पॉन्सरशिप पाने और प्रभावशाली छवि दिखाने के लिए किया जाता है। लेकिन जब प्लेटफॉर्म ऐसे अकाउंट्स हटाता है, तो फॉलोअर संख्या अचानक गिर जाती है।

खिलाड़ियों के लिए क्यों अहम है यह मुद्दा?
आज खिलाड़ी सिर्फ मैदान पर प्रदर्शन से नहीं, बल्कि डिजिटल ब्रांड वैल्यू से भी कमाई करते हैं। विराट कोहली जैसे सितारे बड़े ब्रांड्स के साथ करोड़ों के विज्ञापन सौदे करते हैं। ऐसे में सोशल मीडिया फॉलोअर्स सिर्फ नंबर नहीं, बल्कि मार्केट वैल्यू भी बन चुके हैं। इसलिए फेक फॉलोअर्स हटने का असर इमेज और कमर्शियल ताकत दोनों पर पड़ सकता है। हालांकि विराट कोहली, रोनाल्डो जैसे दिग्गजों की लोकप्रियता सिर्फ इंस्टाग्राम नंबरों पर निर्भर नहीं है। उनकी असली ताकत उनके खेल, उपलब्धियों और फैंस के साथ भावनात्मक जुड़ाव में है। कोहली की बल्लेबाजी और रोनाल्डो की गोल मशीन वाली पहचान किसी डिजिटल सफाई से कम नहीं हो सकती।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें