लंदन ओलंपिक में रजत पदक विजेता भारतीय निशानेबाज विजय कुमार अंतर्राष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएसएसएफ) की ओर से जारी पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल वर्ग के विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। रैंकिंग में शीर्ष पर बरकरार पुपो लेउरिस के 3,364 अंक हैं जबकि विजय के 2,665 अंक हैं। लेउरिस ने लंदन में स्वर्ण पदक जीता था।
लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाले गगन नारंग की रैंकिंग में भी सुधार हुआ है। नारंग पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल वर्ग में पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। ओलंपिक में चौथे स्थान पर रहने वाले कोलकाता के जॉयदीप कर्माकर पुरुषों की 50 मीटर राइफल प्रोन वर्ग में छठे स्थान पर बरकरार हैं जबकि डबल ट्रैप निशानेबाज रोंजन सोढ़ी भी अपने वर्ग में सातवें स्थान पर बरकरार हैं।
आईएसएसएफ वर्ल्ड कप के मद्देनजर महोउ में ट्रेनिंग ले रहे विजय कुमार ने उम्मीद जताई है कि आगे की प्रतियोगिताओं में अपने बेहतर प्रदर्शन को जारी रखना चाहेंगे। साथ ही विश्व के नंबर एक निशानेबाज बनने की पूरी कोशिश करेंगे।