खेल दिवस पर मंगलवार को उप राष्ट्रपति वेकैंया नायडू ने एक पोर्टल का शुभारंभ किया। राष्ट्रीय खेल प्रतिभा खोज पोर्टल देश में खेल प्रतिभाओं को सामने लाएगा। मेजर ध्यानचंद की जयंती पर इस पोर्टल को सार्वजनिक किया गया है। यह पोर्टल खेलों के प्रतिभाओं को खोज निकालने की एक तरह से सरकारी पहल है। इस पोर्टल में कोई भी बच्चा या उसके परिजन, शिक्षक या कोच उसका सीवी या वीडियो अपलोड कर सकते हैं। इसके आधार पर खेल मंत्रालय खिलाड़ियों को चुनेगा और ट्रेनिंग देगा।
उप राष्ट्रपति नायडू ने कहा कि यह पोर्टल भारत की प्रतिभाओं को एक उचित मंच देगा। प्रतिभाएं सामने आ सकेंगी। पोर्टल से देश को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी मिलेंगे। नायडू ने कहा कि बुनियादी ढांचे के विकास के साथ खेल अकादमी की स्थापना से भी खेलों को बढ़ावा मिलेगा।
देश की खेल प्रतिभाओं की सराहना करते हुए नायडू ने कहा कि देश में 45 करोड़ युवा है। इनकी मौजूदगी बताती है कि हमारे पास प्रतिभा है। इनको निखारने से भारत खेल में एक मजबूत कड़ी बनकर उभर सकता है। नायडू ने शटलर पीवी सिंधू की भी तारीफ की।
समारोह में उपस्थित खेल मंत्री विजय गोयल ने कहा कि पांच लाख रुपए की 1000 स्कालरशिप भी शुरू की जाएंगी। गोयल ने कहा कि पीएम मोदी ही ध्यानचंद को भारत रत्न देने के मसले पर विचार करेंगे।