नोवाक जोकोविच का यूएस ओपन में 25वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने का सपना पहले ही दौर में टूट गया। चौथी वरीयता प्राप्त सर्बियाई खिलाड़ी को मैरियानो नवोने ने पांच सेट तक चले मुकाबले में 7-6, 5-7, 6-4, 2-6, 6-1 से हराया। शारीरिक परेशानियों के बीच जोकोविच कोर्ट पर भावुक होकर रो पड़े।
नोवाक जोकोविच के लिए यूएस ओपन का आगाज बेहद दर्दनाक रहा। रिकॉर्ड 25वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने के इरादे से उतरे चौथी वरीयता प्राप्त सर्बियाई खिलाड़ी को पहले ही दौर में अर्जेंटीना के मैरियानो नवोने के हाथों हार का सामना करना पड़ा। करीब चार घंटे तक चले मुकाबले में 25 साले के नवोने ने 39 साल के जोकोविच को 7-6, 5-7, 6-4, 2-6, 6-1 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। यह नवोने के करियर की सबसे बड़ी जीत रही। इस जीत के साथ उन्होंने रिकॉर्ड बुक में भी अपना नाम दर्ज कराया। वह 2006 से यानी पिछले 21 साल में किसी ग्रैंडस्लैम के पहले दौर में हराने वाले पहले खिलाड़ी बन गए।
विज्ञापन
Mariano Navone defeats 24-time Grand Slam Champion Novak Djokovic in five sets. pic.twitter.com/BE8Dn3qC8j
आर्थर ऐश स्टेडियम में मुकाबले की शुरुआत से ही जोकोविच शारीरिक परेशानियों से जूझते नजर आए। क्लोज्ड रूफ (बंद छत) होने से पहले वह बार-बार सिर पर बर्फ का बैग रखते दिखे। न्यूयॉर्क की उमस भरी परिस्थितियों में वह असहज नजर आए और छत बंद होने के बाद सुपरवाइजर से एसी चलाने के बारे में भी पूछा।
तीसरे सेट में उनकी परेशानी और बढ़ गई। छठे गेम के दौरान जोकोविच ने कई बार उल्टी की। वह कोर्ट के पीछे झुक गए, लेकिन इसके बाद भी मुकाबला जारी रखा। टूर्नामेंट के फिजियो ने उन्हें टैबलेट दी, जबकि उनकी टीम कोर्टसाइड से उन्हें लिक्विड देती रही। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी और लड़ते रहे।
पिछड़ने के बाद जोकोविच ने की वापसी
जोकोविच ने खराब शुरुआत के बाद मुकाबले में वापसी की। वह पहले सेट का टाईब्रेक हार गए थे, लेकिन दूसरे सेट में 7-5 से जीत दर्ज कर उन्होंने मैच बराबर करने की दिशा में कदम बढ़ाया। इसके बाद उन्होंने तीसरा सेट 6-4 से अपने नाम कर लिया। शारीरिक परेशानियों के बावजूद जोकोविच ने खुद को मुकाबले में बनाए रखा और एक समय वह जीत से सिर्फ एक सेट दूर थे, लेकिन नवोने ने हार नहीं मानी।
निर्णायक सेट में छलके आंसू
नवोने ने चौथे सेट में जोरदार वापसी करते हुए इसे 6-2 से जीत लिया और मुकाबले को निर्णायक सेट तक पहुंचा दिया। पांचवें सेट में जोकोविच पूरी तरह थके हुए नजर आए। नवोने ने 4-1 की बढ़त बनाई तो सर्बियाई खिलाड़ी की ऊर्जा साफ तौर पर खत्म होती दिखी। इसी दौरान जोकोविच कोर्ट पर रो पड़े। 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन के लिए यह बेहद भावुक पल था। उनकी पत्नी जेलेना भी दर्शक दीर्घा में परेशान नजर आईं। दूसरी ओर नवोने ने अपना धैर्य बनाए रखा और निर्णायक सेट 6-1 से जीतकर जोकोविच को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
Novak Djokovic looks very emotional down 1-3 in the 5th set against Navone at the US Open.
Definitely in pain physically, but these also look like emotional tears.
4+ hours at 39 years old.
The New York crowd is trying to give him a push for another heroic comeback.
25वें ग्रैंड स्लैम का इंतजार बढ़ा
जोकोविच न्यूयॉर्क में अपने 25वें ग्रैंड स्लैम एकल खिताब के लिए उतरे थे। यह जीत उन्हें पुरुष एकल में सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाला खिलाड़ी बना सकती थी। इसके अलावा वह यूएस ओपन में जिमी कॉनर्स की 98 मैच जीतने की उपलब्धि को पीछे छोड़ने से भी सिर्फ चार जीत दूर थे, लेकिन पहले ही दौर में हार के साथ उनका यूएस ओपन अभियान खत्म हो गया।
जोकोविच ने नॉर्थ अमेरिकन हार्ड-कोर्ट सीजन में सिर्फ एक मैच खेलकर इस टूर्नामेंट में प्रवेश किया था। सिनसिनाटी में भी उन्हें गर्मी और उमस से जूझना पड़ा था और वह थियागो अगस्टिन तिरांते से हार गए थे। अब जोकोविच को 25वें ग्रैंड स्लैम खिताब के अपने इंतजार को किसी और टूर्नामेंट तक बढ़ाना होगा।