गॉफ ने सोनमेज को हराकर दूसरे दौर में बनाई जगह
- कोको गॉफ ने यूएस ओपन के अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की। उन्होंने जेनेप सोनमेज को सीधे सेटों में 6-3, 6-4 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई। गॉफ ने पहले सेट की शुरुआत से ही अपनी सर्विस पर दबदबा बनाए रखा। शुरुआती सर्विस गेम में उन्होंने दो ऐस और एक सर्विस विनर लगाया। इसके बाद सोनमेज की सर्विस तोड़कर 4-2 की बढ़त हासिल की और 32 मिनट में पहला सेट अपने नाम कर लिया।
- दूसरे सेट में सोनमेज ने वापसी की कोशिश की। उन्होंने नेट पर आक्रामक खेल दिखाया और गॉफ पर दबाव बनाया। दुनिया की 53वें नंबर की खिलाड़ी ने तीन ब्रेक प्वाइंट भी हासिल किए, लेकिन गॉफ ने तीनों बचा लिए। इसके बाद उन्होंने सोनमेज की सर्विस तोड़कर 4-3 की बढ़त बनाई और मैच अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ गॉफ की टूर्नामेंट के अंत में दुनिया की नंबर-1 एकल खिलाड़ी बनने की उम्मीद भी कायम है। उनका अगला मुकाबला पाउला बडोसा या डारिया कसाटकिना से होगा।
एंड्रीवा लगातार चौथे साल दूसरे दौर में
पांचवीं वरीयता प्राप्त मीरा एंड्रीवा ने भी फ्लशिंग मीडोज में दमदार शुरुआत की। उन्होंने दुनिया की 36वें नंबर की खिलाड़ी जेनिस त्जेन को 6-2, 6-2 से हराया। इस जीत के साथ एंड्रीवा लगातार चौथे साल यूएस ओपन के दूसरे दौर में पहुंच गईं। अब उनके सामने दुनिया की 98वें नंबर की खिलाड़ी ईवा लिस की चुनौती होगी।