कानपुर: अक्षदीप, मोहम्मद सैफ और प्रियंक गर्ग की शतकीय पारी के बाद सौरभ कुमार (चार विकेट) और अंकित राजपूत (तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत यूपी टीम एक पारी से जीत की ओर अग्रसर है। दूसरी पारी में भी मेहमान गोवा टीम आठ विकेट पर महज 123 रन ही बना सकी। गोवा टीम अभी भी यूपी के 564 रनों के मुकाबले 137 रन पीछे है। पूरे एक दिन का खेल अभी बाकी है। मेजबान टीम जल्द दो विकेट गिराकर बड़ी जीत हासिल करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
टीम के 473 रन और व्यक्तिगत के 155 रनों से आगे अक्षदीप ने खेलना शुरू किया। दूसरे छोर पर प्रियंक गर्ग भी शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे। अक्षदीप महज छह रनों से दोहरा शतक बनाने से चूक गए। हालांकि प्रियंक गर्ग ने अपना शतक पूरा किया और नाबाद रहे। इस तरह यूपी टीम ने चार विकेट पर 564 रनों पर पारी घोषित कर दी। यूपी टीम की 412 रनों की बढ़त को उतारने मैदान पर उतरी गोवा टीम दूसरी पारी में भी कुछ खास नहीं कर सकी। सुमिरन अमोनकर व आमोग देसाई की ओपनिंग जोड़ी 9वें ओवर में ही टूट गई। 8.2 ओवर में अंकित राजपूत की गेंद पर सुमिरन जीरो रन पर एलबीडब्ल्यू हो गए।
आमोग व अमित वर्मा की जोड़ी भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सकी। 16.1 ओवर में अंकित राजपूत की गेंद पर अमोग (26) ने मोहम्मद सैफ को कैच थमा दिया। तीसरा विकेट भी अंकित राजपूत ने 18.1 ओवर में अमित वर्मा (6) को विकेट कीपर उमेंद्र यादव को कैच कराकर लिया। गोवा के कप्तान सगुन कामत व कीनन वज की जोड़ी कुछ ही देर टिक पाई। 41.3 ओवर में शिवम मावी ने सगुन (27) को एलबीडब्लयू आउट किया। इसके बाद सौरभ ने कीनन वज (2) को, स्नेहल कौंथाकल को (28), अमूल्य पांडेकर (5) और लक्ष्य गर्ग को (4) आउट कर अपने 102 विकेट भी पूरे कर लिए।