विश्व चैंपियनशिप में दो बार के स्वर्ण पदक विजेता भाला फेंक खिलाड़ी एंडरसन पीटर्स नीरज चोपड़ा क्लासिक टूर्नामेंट में शामिल नहीं होंगे। पीटर्स ने टखने की चोट के कारण इस टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया है। नीरज चोपड़ा क्लासिक का आयोजन पांच जुलाई को होगा। ग्रेनेडा के 27 साल के पीटर्स ने पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था और रजत जीतने वाले नीरज के बाद तीसरे स्थान पर रहे थे।
पीटर्स की जगह मिजीग्लोड को मिला मौका
एंडरसन पीटर्स की जगह पोलैंड के साइप्रियन मिजीग्लोड को इस टूर्नामेंट में शामिल किया गया है। मिजीग्लोड 2019 में यूरोपियन अंडर-23 के चैंपियन रहे हैं, तब उन्होंने 84.97 मीटर का थ्रो फेंका था। प्रतियोगिता में 12 एथलीट हिस्सा लेंगे जिनमें पांच भारतीय होंगे। इससे पहले टखने की चोट से जूझ रहे भारतीय थ्रोअर किशोर जेना ने सोमवार को इस प्रतियोगिता से नाम वापस ले लिया था और उनकी जगह यशवीर सिंह को शामिल किया गया था।
पिछले महीने जापान के एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता जेनकी डीन भी इस प्रतियोगिता से हट गए थे। उनकी जगह पोलैंड के मार्टिन कोनेसी ने ली थी। जिन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने नीरज चोपड़ा क्लासिक में भाग लेने की पुष्टि की है उनमें मिर्जिग्लोड, पोलैंड के मार्टिन कोनेसी, 2016 के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता थॉमस रोहलर (जर्मनी), 2015 के विश्व चैंपियन जूलियस येगो (कीनिया), कर्टिस थॉम्पसन (अमेरिका), लुईज़ मौरिसियो दा सिल्वा (ब्राजील) और रुमेश पथिरेज (श्रीलंका) शामिल हैं। भारतीय खिलाड़ियों में नीरज के अलावा एशियाई चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता सचिन यादव, रोहित यादव, साहिल सिलवाल और यशवीर सिंह इस प्रतियोगिता में भाग लेंगे।