अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सोमवार को न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में NBA फाइनल्स के तीसरे मुकाबले के दौरान पहुंचे, जहां उन्हें दर्शकों के एक वर्ग की ओर से हूटिंग का सामना करना पड़ा। ट्रंप की मौजूदगी के चलते स्टेडियम और उसके आसपास अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई, जिससे प्रशंसकों को प्रवेश में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि कुछ लोगों ने उनकी मौजूदगी का स्वागत किया, वहीं कई प्रशंसकों का मानना था कि इससे मुकाबले का माहौल प्रभावित हुआ।
न्यूयॉर्क के प्रतिष्ठित मैडिसन स्क्वायर गार्डन में खेले गए एनबीए फाइनल्स के तीसरे मुकाबले के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मौजूदगी चर्चा का केंद्र रही। न्यूयॉर्क निक्स और सैन एंटोनियो स्पर्स के बीच खेले गए इस मुकाबले को देखने पहुंचे ट्रंप को स्टेडियम में मौजूद कुछ दर्शकों ने हूटिंग का सामना कराया।
विज्ञापन
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रीय गान के दौरान जब ट्रंप की तस्वीरें स्टेडियम की विशाल स्क्रीन पर दिखाई गईं तो दर्शकों के एक हिस्से से हूटिंग सुनाई दी। हालांकि बाद में अमेरिकी झंडे की तस्वीरें स्क्रीन पर आने के साथ यह शोर कम हो गया।
VIDEO | US President Donald Trump booed at New York arena before NBA Finals game.
कड़ी सुरक्षा के कारण बदला मैच डे का माहौल
ट्रंप की यात्रा के चलते मैडिसन स्क्वायर गार्डन के आसपास कई ब्लॉक तक सुरक्षा घेरा बनाया गया था। एएफपी के मुताबिक, प्रशंसकों को स्टेडियम में प्रवेश से पहले कई सुरक्षा जांचों और एयरपोर्ट जैसी स्क्रीनिंग प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ा। पुलिस, सीक्रेट सर्विस एजेंट और अन्य सुरक्षा कर्मियों की बड़ी संख्या तैनात की गई थी। अधिकारियों ने प्रशंसकों से घंटों पहले पहुंचने की अपील की थी ताकि प्रवेश में देरी से बचा जा सके। सुरक्षा कारणों से स्टेडियम के बाहर होने वाली पारंपरिक वॉच पार्टी भी रद्द कर दी गई। न्यूयॉर्क पुलिस विभाग ने बिना टिकट वाले लोगों को स्टेडियम के आसपास इकट्ठा होने की अनुमति नहीं दी।
🚨🇺🇸 Mixed reaction at the Garden as the camera landed on Trump during the national anthem.
ट्रंप की मौजूदगी पर बंटी राय
रॉयटर्स के मुताबिक, कई प्रशंसकों ने माना कि ट्रंप की मौजूदगी ने मुकाबले के महत्व को पीछे छोड़ दिया। वहीं कुछ लोगों ने उनका स्वागत किया और उन्हें निक्स का एक समर्पित प्रशंसक बताया। स्टेडियम के बाहर कुछ प्रदर्शनकारी ट्रंप विरोधी पोस्टर लेकर पहुंचे थे। वहीं कुछ लोगों ने उनके काफिले के गुजरने के दौरान विरोध भी जताया। हालांकि कई प्रशंसक इस बात से उत्साहित भी थे कि एक मौजूदा अमेरिकी राष्ट्रपति एनबीए फाइनल्स जैसा बड़ा खेल आयोजन देखने पहुंचे।
सितारों से सजी रही फाइनल्स की शाम
इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले में कई मशहूर हस्तियां भी मौजूद रहीं। रॉयटर्स के मुताबिक, फिल्म निर्माता स्पाइक ली, बेसबॉल दिग्गज डेरेक जेटर और अभिनेता बेन स्टिलर भी स्टेडियम में नजर आए। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने भी मैच देखा और कहा कि उन्होंने अपना टिकट स्वयं खरीदा था।
BREAKING: Trump Just Got A Very New York Welcome.
As his motorcade passed through the city, crowds could be heard booing.
He came to attend one of the biggest sports events New York has seen in decades.
निक्स के लिए ऐतिहासिक मौका
यह मुकाबला न्यूयॉर्क निक्स के लिए बेहद खास था, क्योंकि टीम लगभग 27 वर्षों बाद अपने घरेलू मैदान पर एनबीए फाइनल्स का मैच खेल रही थी। निक्स इस मुकाबले में सात मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त के साथ उतरी थी। रिपोर्टों के मुताबिक, मैच के टिकटों की कीमतें इतनी अधिक थीं कि कई टिकट न्यूयॉर्क शहर के औसत मासिक किराये से भी महंगे बिके। ऐसे में ट्रंप की मौजूदगी ने पहले से ही ऐतिहासिक माने जा रहे इस मुकाबले को और अधिक सुर्खियों में ला दिया।