फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

French Open 2021: जोकोविच और फेडरर 16वीं बार तीसरे दौर में, विश्व की नंबर-1 खिलाड़ी एश्ले बार्टी रिटायर्ड हर्ट होकर टूर्नामेंट से बाहर

Fri, 04 Jun 2021 07:12 AM IST
मुकेश कुमार झा स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पेरिस

सार

विश्व की नंबर-1 खिलाड़ी एश्ले बार्टी को दूसरे दौर में पोलैंड के मैग्डा लिनेट के खिलाफ मुकाबले में कूल्हे की चोट के कारण हटना पड़ा। वह 1-6, 2-2 से पीछे चल रही थीं।
विज्ञापन
एश्ले बार्टी - फोटो : social media
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

 दुनिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच और बीस बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन रोजर फेडरर 16वीं बार फ्रेंच ओपन के तीसरे दौर में पहुंच गए। ओपन युग में सभी चारों ग्रैंड स्लैम दो-दो बार जीतने की कवायद में जुटे 34 वर्षीय जोकोविच ने उरुग्वे के पाब्लो क्यूवास को दो घंटे नौ मिनट में 6-3, 6-2, 6-4 से पराजित किया। वर्ष 2016 के चैंपियन जोकोविच का अगले दौर में सामना लिथुआनिया के रिकार्डस बेरनकिस से होगा, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के जेम्स डकवर्थ को 7-5, 2-6, 7-6, 6-0 से हराया। जोकोविच इस सत्र में 25 मुकाबलों में 22 जीत चुके हैं। वहीं, विश्व की नंबर-1 खिलाड़ी एश्ले बार्टी फ्रेंच ओपन के दूसरे दौर के मैच के दौरान रिटायर्ड हर्ट होकर टूर्नामेंट से बार हो गईं। बार्टी को दूसरे दौर में पोलैंड के मैग्डा लिनेट के खिलाफ मुकाबले में कूल्हे की चोट के कारण हटना पड़ा। 

विज्ञापन


टूर्नामेंट के उम्रदराज खिलाड़ी 39 वर्षीय फेडरर ने क्रोएशिया के मारिन सिलिच को 6-2, 2-6, 7-6, 6-2 से हराया। फेडरर की यह सिलिच पर 11 मुकाबलों में दसवीं जीत है। फेडरर की भिड़ंत पहली बार यहां तीसरे दौर में पहुंचे जर्मनी के डोमिनिक कोएफर से होगी, जिन्होंने टेलर फिट्ज को 6-3, 6-2, 3-6, 6-4 से मात दी। कैमरून नौरी ने लॉयड हैरिस को 4-6, 6-3,6-3, 6-2 से, यानिक सिनेर ने मागेर को 6-1, 7-5, 3-6, 6-3 से और डिएगो श्वार्टजमैन ने अजाज बेडेने को 6-4, 6-2, 6-4 से, फिलिप ने अलसान करात्सेव को 6-3, 7-6, 4-6, 6-1 से और लोरेंजो मुसेती ने योशिहितो निशिओका को 7-5, 6-3,6-2 से बाहर का रास्ता दिखाया। 

यामेर ने किया मोनफिल्स को बाहर : स्वीडन के 22 वर्षीय मिखेल यामेर फ्रांस के 14वें नंबर के खिलाड़ी गेल मोनफिल्स को 6-0, 2-6, 6-4, 6-3 से उलटफेर का शिकार बनाकर पहली बार रोलां गैरां के तीसरे दौर में पहुंचे। 
विज्ञापन


मेदवेदेव भी आगे बढे़ : नंबर दो रूस के दानिल मेदवेदेव अमेरिका के टॉमी पॉल को 3-6, 6-1, 6-4, 6-3 से हराकर पहली बार तीसरे दौर में पहुंचे। मेदवेदेव का सामना अमेरिका के ही रेली ओपेल्का से होगा। दक्षिण कोरिया के कवोन सून वो इटली के आंद्रेस सेप्पी को 6-4, 7-5, 7-5 से हराकर पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के तीसरे दौर में पहुंचे। चुंग ह्योन (2019 यूएस ओपन) के बाद किसी ग्रैंड स्लैम के तीसरे दौर में पहुंचने वाले कवोन अपने देश के पहले खिलाड़ी हैं। अगले दौर में कवोन की टक्कर मैटो बेरेटिनी से होगी, जिन्होंने फेडरिको कोरिया को 6-3, 6-3, 6-2 से बाहर का रास्ता दिखाया।

केनिन, कोको व स्वितोलिना ने भी पार की दूसरी बाधा : नंबर चार सोफिया केनिन, नंबर पांच इलिना स्वितोलिना और कोको गॉफ तीसरे दौर में पहुंच गईं। गत उपविजेता केनिन ने हमवतन हेली को 7-5, 6-3 से, स्वितोलिना ने अन्न ली को 6-0, 6-4 से और 17 वर्षीय कोको ने वांग कियांग को 6-3, 7-6 से हराया। पहली बार रोलां गैरां के तीसरे दौर में पहुंची कोको का सामना हमवतन जेनिफर ब्रैडी से होगा, जिन्होंने फियोना फेरो को 6-4,2-6,7-5 से मात दी। स्लोएने स्टीफंस ने कैरोलिना प्लिस्कोवा को 7-5, 6-1 से, मारिया सकारी ने जैस्मिन पओलिनी को 6-2, 6-3 से, वरवरा ग्रेचेवा ने कैमिला को 7-5, 1-6, 6-2 से, बरबोरा ने एकटेरिना अलेक्सांद्रोवा को 6-2, 6-3 से, कैरोलिना मुचोवा ने वरवरा लेपचेंको को 6-3, 6-4 से, जेसिका पेगुला ने टेरेजा मार्टिनकोवा को 6-3, 6-3 से और मार्ता ने झेंग साईसाई को 6-3, 6-4 से हराकर अंतिम 32 में प्रवेश किया।  

नंबर वन बार्टी भी हटीं 
दुनिया की एक टेनिस खिलाड़ी और 2019 की चैंपियन एशले बार्टी भी चोट के चलते साल के दूसरे ग्रैंड स्लैम फ्रेंच ओपन के बीच से हट गईं। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बार्टी ने पोलैंड की मागदा लिनेट के खिलाफ दूसरे दौर का मुकाबला बीच में ही छोड़ दिया। तब बार्टी ने पहला सेट 1-6 से गंवाया था और दूसरा 2-2 से बराबर था। इस दौरान बार्टी ने मेडिकल टाइम आउट भी लिया। अभी तक शीर्ष दस में शुमार किसी भी खिलाड़ी को न हारने वाली मागदा का सामना अब ट्यूनिशिया की ओंस से होगा, जिन्होंने भारतीय मूल की ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी अस्त्रा शर्मा को 6-2, 6-4 से पराजित किया। बार्टी से पहले नंबर नाओमी ओसाका भी पहले दौर के मुकाबले के बाद हट गई थी। अब तीसरे नंबर की अर्याना सबलेंका टूर्नामेंट की शीर्ष महिला खिलाड़ी हैं। 

विज्ञापन

बोपन्ना और कुगोर की जोड़ी तीसरे दौर में

भारत के अनुभवी टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना और क्रोएशिया के उनके जोड़ी फ्रेंको कुगोर की जोड़ी ने फ्रांसिस तियाफो और निकोलस मोनरो की अमेरिका की जोड़ी को सीधे सेटों में हराकर फ्रेंच ओपन के पुरुष युगल के प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। बोपन्ना और कुगोर की गैरवरीय जोड़ी ने एक घंटा और 20 मिनट चले दूसरे दौर के मुकाबले में अमेरिकी जोड़ी को 6-4 7-5 से हराया।

दुनिया के 40वें नंबर के खिलाड़ी बोपन्ना को फ्रेंच ओपन से अंक की दरकार है क्योंकि उनके पास अपनी रैंकिंग में सुधार का यह अंतिम मौका है। तोक्यो ओलंपिक में प्रवेश के लिए 10 जून की रैंकिंग को आधार माना जाएगा। दिविज शरण ने हालांकि पहले दौर के मुकाबले में शिकस्त के साथ अपनी रैंकिंग में सुधार का मौका गंवा दिया है।

ओलंपिक में प्रवेश के लिए बोपन्ना और दिविज की संयुक्त रैंकिंग पर विचार किया जाएगा। कम रैंकिंग से उनके ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने की संभावनाओं को नुकसान हो सकता है। अब तक भारतीय खिलाड़ियों में सिर्फ महिला युगल में सानिया मिर्जा का स्थान तय हुआ है। उनके अंकिता रैना के साथ जोड़ी बनाने की उम्मीद है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें