भारतीय खिलाड़ी युकी भांबरी और उनके अमेरिकी जोड़ीदार रॉबर्ट गैलोवे ने बुधवार को मोनाको के रोमेन अर्नेडो और फ्रांस के मैनुअल गुइनार्ड की जोड़ी पर सीधे सेट में जीत दर्ज करके विम्बलडन टेनिस ग्रैंडस्लैम के पुरुष युगल स्पर्धा के दूसरे दौर में प्रवेश किया। वहीं, दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी अरीना सबालेंका विम्बलडन में दूसरे दौर के मैच का पहला सेट गंवाने से बस दो अंक के फासले पर थी, लेकिन सही समय पर वापसी करते हुए उन्होंने मैरी बूजकोवा को 7-6, 6-4 से हराकर तीसरे दौर में जगह बनाई।
इस बार विम्बलडन महिला एकल में शीर्ष दस में से चार खिलाड़ी पहले दौर में बाहर हो गईं जिनमें दूसरी रैंकिंग वाली कोको गाफ, तीसरे नंबर की जेसिका पेगुला, पांचवीं रैंकिंग पर काबिज झेंग किंवेन और नौवीं रैंकिंग वाली पाउला बाडोसा शामिल हैं। अब तक दो दिन के भीतर 23 वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ( दस महिला और 13 पुरूष) बाहर हो चुके हैं। सबालेंका पिछले साल कंधे की चोट के कारण विम्बलडन नहीं खेल सकी थी। अन्य मैचों में ऑस्ट्रेलियाई ओपन चैम्पियन मेडिसन कीज ने ओल्गा डानिलोविच को 6-4, 6-2 से हराकर तीसरे दौर में जगह बनाई ।