अमेरिका की कोको गॉफ ने सोलाना सियरा को 6-3, 3-6, 7-6 से हराकर बुधवार को विंबलडन महिला एकल वर्ग के तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया। वहीं, नाओमी ओसाका ने क्वालिफायर अनास्तासिया गासानोवा को 6-3, 6-2 से मात दी।
सिनर की ग्रैंडस्लैम के मुख्य ड्रॉ में 95वीं जीत
शीर्ष वरीयता प्राप्त एरिना सबालेंका ने मैकार्टनी केसलेर को 6-1, 7-6 से हराया। पुरुष वर्ग में नंबर एक खिलाड़ी और मौजूदा चैंपियन इटली के यानिक सिनर ने नुनो बोर्गेस को 7-6, 7-6, 6-4 से हराया। अब उनका सामना अमेरिकी खिलाड़ी जेन्सन ब्रूक्सबी से होगा। यह सिनर की ग्रैंडस्लैम के मुख्य ड्रॉ में 95वीं जीत थी, जिससे वह किसी इटैलियन खिलाड़ी के सर्वाधिक ग्रैंडस्लैम मैच जीतने के मामले में निकोला पिएत्रांगेली से आगे निकल गए। फ्रेंच ओपन उपविजेता फ्लावियो कोबोली, 17वीं रैंकिंग वाले फ्रांसिस टियाफो और 21वीं रैंकिंग वाले टॉमी पॉल भी अगले दौर में पहुंच गए।
सिनर ऑल इंग्लैंड क्लब में इतिहास रचने की कोशिश भी कर रहे हैं, जिनका लक्ष्य ओपन एरा में विंबलडन खिताब का बचाव करने वाले केवल 10वें पुरुष खिलाड़ी बनना है। उनके प्रतिद्वंद्वी कार्लोस अल्कारेज ने दो साल पहले ऐसा किया था। जीत के बाद सिनर ने कहा कि वह अभी भी ग्रास कोर्ट पर अपनी लय तलाश रहे हैं, क्योंकि उन्होंने विंबलडन से पहले कोई वार्म-अप टूर्नामेंट नहीं खेलने का फैसला किया था। सिनर ने कहा, खासकर पहले दौर में, मुझे मुकाबलों की कमी महसूस हुई। साथ ही आज भी कुछ ऐसे पल आए। मुझे उस लय में वापस आने की जरूरत है। अगर हम स्कोरबोर्ड देखें, तो मुकाबला बहुत करीबी था, इसलिए ऐसे मैच और खासकर अलग-अलग सेट मुझे बहुत मदद करते हैं।