कोबोली के खिलाफ मैच जीतने के बाद जोकोविच ने कहा, 'मैं बहुत बुरी तरीके से गिरा। काफी विचित्र स्थिति थी। घास वाले कोर्ट पर ऐसा होता है। घास वाले कोर्ट पर अब तक अपने करियर में मैं कई बार इस स्थिति का सामना कर चुका हूं। निश्चित तौर पर मेरा शरीर अब पहले की तरह नहीं रह गया है। इसलिए मुझे लगता है कि जो कुछ हुआ उसका वास्तविक प्रभाव मैं अगले दिन महसूस करूंगा। तो चलिए देखते हैं।'
जोकोविच ने कहा, 'मैं उम्मीद कर रहा हूं कि अगले 24-48 घंटे कोर्ट में इसके ज्यादा गंभीर परिणाम नहीं होंगे और मैं दो दिनों में ठीक हो जाऊंगा और बिना दर्द के अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखा पाऊंगा।' जोकोविच ने 2023 में यूएस ओपन के बाद से कोई ग्रैंड स्लैम नहीं जीता है, लेकिन वह 2018 के बाद से हर विंबलडन फाइनल में दिखाई दिए हैं और ऑल इंग्लैंड क्लब में इस बार उनके पास 25वां ग्रैंडस्लैम जीतने का सबसे अच्छा मौका है। उन्होंने कहा, 'ग्रैंडस्लैम में अच्छा प्रदर्शन करना हमेशा से मेरा सबसे बड़ा लक्ष्य रहा है। मैं फिर से एक और अच्छी स्थिति में हूं।'
जोकोविच ने कहा, 'सिनर और अल्काराज, हम जानते हैं कि वे टेनिस में अभी प्रमुख शक्ति हैं। अगर मैं कम से कम एक कदम आगे जाना चाहता हूं, तो मुझे दुनिया के नंबर एक को हराना होगा और अंत में फाइनल में अल्काराज खेलना होगा। मुझे लगता है कि जिस तरह से मैं फिट होने पर गेंद को खेल रहा हूं, मुझे लगता है कि मैं उन लोगों को कड़ी टक्कर दे सकता हूं और यहां तक कि अगर मैं अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाता हूं तो उन्हें हरा भी सकता हूं।'