ब्रिटेन की हीथर वाटसन ने ताइवान की चांग काई चेन को कडे़ मुकाबले में 7-5, 5-7, 7-6 से हराकर जापान ओपन महिला टेनिस टूर्नामेंट का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। वाटसन पिछले 24 वर्षों में डब्लूटीए महिला सिंगल्स खिताब जीतने वाली ब्रिटेन की पहली खिलाड़ी हैं। ब्रिटेन की दूसरे नंबर की खिलाड़ी और विश्व रैंकिंग में 71वें नंबर पर काबिज वाटसन ने चांग के खिलाफ पहला सेट जीतने के बाद दूसरा सेट गंवा दिया।
वाटसन ने निर्णायक सेट में 4-5 से पिछड़ने के बाद चार मैच अंक बचाए और इसे टाईब्रेक में खींचने में सफल रहीं। दूसरी ओर विश्व की नंबर एक खिलाड़ी बेलारूस की विक्टोरिया अजारेंका और पांचवीं सीड जर्मनी की जूलिया जार्जेज के बीच लिंज ओपन टेनिस टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। अजारेंका ने रोमानिया की आईरीना बेगू को जबकि जूलिया ने बेल्जियम की कर्स्टन फ्लिपकैंस को हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया है।