दुनिया की पूर्व नंबर वन महिला खिलाड़ी अमेरिका की वीनस विलियम्स का खराब फॉर्म एक बार फिर जारी रहा और उन्हें साल के पहले ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट ऑस्ट्रेलियन ओपन के पहले राउंड में ही हार का सामना करना पड़ा।
सोमवार को टूर्नामेंट के पहले दिन महिला सिंगल्स में और कोई उलटफेर नहीं देखने को मिला और चीन की ली ना तथा जर्मनी की एंजेलिक कर्बर ने भी दूसरे राउंड में प्रवेश कर लिया।
मेलबर्न पार्क में 14वीं बार उतरी तथा अपने करियर के 61वें ग्रैंड स्लैम में खेल रहीं 33 वर्षीय वीनस विलियम्स को 22वीं सीड रूस की एकातेरिना माकारोवा ने 2-6, 6-4, 6-4 से हराया। माकारोवा ने मौजूदा नंबर वन खिलाड़ी और वीनस की छोटी बहन सेरेना विलियम्स को भी 2012 में टूर्नामेंट के चौथे राउंड में हराया था।
हालांकि चौथी सीड चीन की ली ना ने बेहतरीन शुरुआत करते हुए क्रोएशिया की एना कोनजूह को 6-2, 6-0 से जबकि नौंवी सीड जर्मनी की कर्बर ने ऑस्ट्रेलिया की जर्मिला गाजोसोवा को 6-3, 0-6, 6-2 से हराकर दूसरे राउंड में प्रवेश किया।
पढ़ें- डेल स्टेन ने दिखाया था मैदान पर कुंबले जैसा साहस
14वीं सीड सर्बिया की अना इवानोविच, इटली की फ्लाविया पेनेटा, 31वीं सीड स्लोवाकिया की डेनियेला हंचुकोवा और 18वीं सीड बेल्जियम की कस्टर्न फ्लिपकेंस ने भी दूसरे राउंड में प्रवेश किया।
बर्डिच और फेरर भी दूसरे दौर में
पुरुष वर्ग में दुनिया के तीसरे नंबर के खिलाड़ी स्पेन के डेविड फेरर और सातवीं सीड चेक गणराज्य के थामस बर्डिच ने भी दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया। हालांकि 12वीं सीड जर्मनी के टामी हास रिटायर्ड हर्ट होने के बाद बाहर हो गए।
देखें- जब फिल्मी ग्लैमर के दीवाने हुए क्रिकेट के दिग्गज!
डेविड फेरर ने कोलंबिया के एलेक्जांद्रो गोंजालेज को 6-3, 6-4, 6-4 से जबकि सातवीं सीड बर्डिच ने उक्रेन के एलेक्सांद्र नेदोवीसोव को 6-3, 6-4, 6-3 से हराया।
आठवीं सीड स्विट्जरलैंड के स्टानिसलास वावरिंका को अपने विपक्षी खिलाड़ी के रिटायर्ड हर्ट हो जाने के कारण आसानी से दूसरे दौर में प्रवेश मिल गया।
अन्य वरीय खिलाड़ियों में नौंवी सीड फ्रांस के रिचर्ड गास्केट, 19वीं सीड दक्षिण अफ्रीका के केविन एंडरसन, 14वीं सीड रूस के मिखाइल युजनी, 32वीं सीड इवान डोडिग तथा 15वीं सीड इटली के फैबियो फोगनिनी ने भी दूसरे राउंड में प्रवेश कर लिया।