पांच बार के चैंपियन रोजर फेडरर ने आसानी से यूएस ओपन के तीसरे दौर की बाधा पार कर अंतिम-16 में प्रवेश कर लिया। शुरुआती दो मुकाबलों में संघर्ष करने वाले 20 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन फेडरर ने ब्रिटेन के डान इवांस को एक घंटे 20 मिनट तक चले मुकाबले में 6-2,6-2,6-1 से पराजित किया। वहीं जापान के केई निशिकोरी तीसरे दौर में हारकर बाहर हो गए।
सातवें वरीय निशिकोरी को ऑस्ट्रेलिया के 20 साल के एलेक्स डि मिनौर के हाथों 2-6, 4-6, 6-2, 3-6 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। दुनिया के 38वें नंबर के खिलाड़ी मिनौर की यह करियर की सबसे बड़ी जीत है। उन्होंने पहली बार शीर्ष दस में शामिल किसी खिलाड़ी को हराया। वह पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम में चौथे दौर में पहुंचे।
महिलाओं में दुनिया की नंबर एशले बार्टी, नंबर तीन कैरोलिना प्लिस्कोवा, नंबर दस सेरेना विलियम्स और पेट्रा मेट्रिक भी चौथे दौर में पहुंच गईं। बार्टी ने मारिया सकारी को 7-5, 6-3 से प्लिस्कोवा ने ओंस जबेयूर को 6-1,4-6, 6-4 से और पेट्रा मेट्रिक ने अनास्तासिजा सेवास्तोवा 6-4,6-3 से शिकस्त देकर प्री क्वार्ट फाइनल में प्रवेश किया। तेईस बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन सेरेना ने कैरोलिना मुचोवा 6-3,6-1 से बाहर का रास्ता दिखाया।
नडाल व ज्वेरेव तीसरे दौर में
तीन बार के चैंपियन राफेल नडाल ने ऑस्ट्रेलिया के थानासी कोकिनाकिस के चोट के कारण हटने से अगले दौर में प्रवेश किया। अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने फ्रांसेस टियाफो को 6-3, 3-6, 6-2, 2-6, 6-3 से और डेनिल मेदवेदेव ने हुगो डेलिन को 6-3, 7-5, 5-7, 6-3 से हराकर तीसरे दौर में जगह बनाई।