लातविया की येलेना ओस्तापेंको ने शनिवार को रोमानिया की सिमोना हालेप को मात देकर फ्रेंच ओपन में महिला वर्ग का एकल खिताब जीत लिया है। फाइनल मुकाबले में येलेना ने सिमोना हालेप को तीन सेट तक चले मुकाबले में 4-6, 6-4, 6-3 से मात दी। एक घंटे 59 मिनट तक चले मुकाबले में 20 वर्षीय ओस्तापेंको पहले सेट में हार गईं। लेकिन इसके बाद शानदार वापसी करते हुए उन्होंने लगातार दो सेट जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया।
इसके साथ ही येलेना ओस्तापेंको लातविया की ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाली पहली खिलाड़ी बन गई हैं। येलेना ने सिमोना हालेप का 40 साल बाद रोमानिया के लिए ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाली खिलाड़ी बनने का सपना तोड़ दिया।उनसे पहले रोमानियाई खिलाड़ी इली नस्तासे ने फ्रेंच ओपन 1973 और यूएस ओपन 1972 मे जीता था। इली नस्तासे के बाद वर्जीनिया रूजीसी ने फ्रेंच ओपन 1978 जीती थी।
येलेना की खिताबी जीत की सबसे बड़ी खासियत यह है कि उन्होंने टूर्नामेंट में गैर वरीयता प्राप्त खिलाड़ी के रूप में प्रवेश किया था और अपने डेब्यू सीजन में ही फ्रेंच ओपन का खिताब जीतकर लाल बजरी की नई रानी बन गई हैं। उनसे पहले अपने डेब्यू सीजन में फ्रेंच ओपन का खिलाब गुस्तावो कुर्टन ने 8 जून 1997 में जीता था। संयोगवश 8 जून 1997 को ही येलेना ओस्तापेंको का जन्म हुआ था।
येलेना ओपन इरा में फ्रेंच ओपन का खिताब जीतने वाली पहली अनसीडेड प्लेयर हैं।