पूर्व यूएस ओपन चैंपियन मारिन सिलिच और जो विल्फ्रेड सोंगा ने पेरिस मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट में पहले दौर की बाधा पार कर ली। सिलिच पहले गैरवरीयता प्राप्त खिलाड़ी थे जिन्होंने पोलैंड के हुबर्ट हरकास्ज को 7-6 (7/5), 6-4 से हराकर अंतिम 32 में प्रवेश किया। पेरिस मास्टर्स में 2008 के चैंपियन सोंगा ने रूस के आंद्रे रूबलेव को 4-6, 7-5, 6-4 से पराजित किया।
फ्रांस के जेरेमी चार्डी ने अमेरिका के सैम क्वेरी को 5-7, 6-3, 7-5 से और बेनोइट पियरे ने बोस्निया के दामिर जुमहुर को 7-5,6-4 से शिकस्त दी। फर्नांडो वर्दास्को ने बोर्ना कोरिक को 3-6, 6-4, 6-3 से, पूर्व विंबलडन चैंपियन मिलोस राओनिक ने ब्रिटेन के कैमरून नोरी को 6-3, 6-2 से, एड्रियन मान्नरिनो ने कैस्पर रूड को 6-4,6-2 से और कोरेंटिन मुटेट ने दुसान लाजोविक को 6-4,1-6, 6-3 से हराया।