सुमित नागल यूएस ओपन में बीते 7 साल में मेन्स सिंगल्स का पहला मैच जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। वह बी क्लान को हराने के बाद दूसरे दौर में पहली बार पहुंचे हैं। अब सुमित नागल का अगला मुकाबला डॉमिनिक थीम के साथ होगा। सुमित ने अपने प्रतिद्वंदी ब्रैडली क्लैन से पहले दौर का मुकाबला 6-1, 6-3, 3-6, 6-1 से जीता, उन्होंने शुरुआती दोनों सेट अपने नाम किए, लेकिन तीसरे सेट में ब्रैडली ने 6-3 से वापसी की। चौथे सेट 6-1 से जीतकर दूसरे दौर में जगह बनाई।
यादगार रहेगी ग्रैंड स्लैम की यह पहली जीत
भारतीय युवा टेनिस स्टार सुमित नागल ने कहा कि यूएस ओपन में पहले दौर की जीत मेरे लिए काफी मायने रखती है। उन्होंने कहा,‘मैंने 2013 में यहां जूनियर वर्ग के लिए क्वालिफाई किया था। बाद में पुरुष वर्ग के मुख्य ड्रॉ में जगह बनाने में सफल रहा था। अब मैंने पहले दौर में जीत दर्ज की जो मेरे अहम है। मैं यहां खेलने का लुत्फ उठा रहा हूं और कुछ मौकों पर इसका मुझे फायदा मिलता है। यह जानते हुए कि इस मैच में आप जीत के दावेदार हो, कोर्ट में जाना आसान नहीं था।
मैं निश्चिततौर पर नर्वस था। ग्रैंड स्लैम में अपनी पहली जीत के लिए खेल रहा था लेकिन मैंने वही किया जो मुझे करना चाहिए था और आत्मसंयम बनाए रखा।’ सुमित ने पहले दौर में अमेरिका के ब्रैडली क्लान को 6-1, 6-3, 3-6, 6-1 से मात देकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। वह पिछले सात वर्षों में ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में एकल मैच जीतने वाले पहले भारतीय हैं। दूसरे दौर में उनका मुकाबला दुनिया के नंबर तीन खिलाड़ी ऑस्ट्रिया के डोमिनिक थिएम से होगा। फ्लाशिंग मीडोज पर नागल ने पिछले साल रोजर फेडरर के खिलाफ एक सेट जीता था।
नागल से पहले सोमदेव देववर्मन किसी ग्रैंड स्लैम मेंएकल मैच में जीतने वाले आखिरी भारतीय थे। उन्होंने 2013 में यूएस ओपन में क्वालिफायर के रूप में प्रवेश करके स्लोवाकिया के लुकास लैको को हराया था। नगल ने थिएम के खिलाफ मुकाबले को लेकर कहा,‘मैं तैयार हूं और उनके खिलाफ खेलने को लेकर उत्साहित हूं। मैं इस मैच का भी लुत्फ उठाऊंगा। इससे मुझे यह आकलन करने का मौका मिलेगा कि टेनिस के स्तर के लिहाज से मैं अभी किसी स्थिति में हूं।’