फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फ्रेंच ओपन: वावरिंका की पहले ही दौर में हुई छुट्टी, जोकोविच की विजयी शुरुआत

Tue, 29 May 2018 01:32 AM IST
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
स्टेन वावरिंका
विज्ञापन

फॉर्म और फिटनेस से जूझ रहे पूर्व चैंपियन स्टेन वावरिंका को फ्रेंच ओपन के पहले ही दौर में हार का सामना करना पड़ा। उधर सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने सीधे सेटों में आसान जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत कर दी है। पिछले साल फाइनल में स्पेन के दिग्गज राफेल नडाल से हारने वाले वावरिंका ने रौलां गैरो में 2015 में खिताब जीता था। 

विज्ञापन


सोमवार को वावरिंका को स्पेन के गुलिरमो गार्सिया लोपेज ने पांच सेट के कड़े मुकाबले में 6-2, 3-6, 4-6, 7-6, 6-3 से हरा दिया। 33 वर्षीय वावरिंका घुटने की चोट को लेकर परेशान रहे हैं। इस साल फ्रेंच ओपन से पहले उन्होंने क्ले कोर्ट पर एक मैच जीता जोकि तीन महीनों में उनकी पहली स्पर्धा थी। 

छह गेम के बाद ही वावरिंका ने मेडिकल टाइमआउट ले लिया था, जिससे उनके प्रशंसकों को काफी निराशा हुई थी। बाद में उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि उनका घुटना ठीक है। 23 वर्षीय खिलाड़ी ने पहले सेट के बाद लय हासिल की। उन्होंने दूसरे सेट में दो तगड़े फोरहैंड शॉट लगाकर 3-1 के साथ ब्रेक हासिल किया और दूसरा सेट जीतकर बराबरी ले ली। 
विज्ञापन


तीसरे सेट में भी उन्होंने शुरुआती गेम में ही ब्रेक प्वाइंट लिया था जिस पर गार्सिया लोपेज ने निराशा में अपना रैकेट कोर्ट पर पटक दिया था। वावरिंका ने चौथे सेट के पांचवें गेम में फिर ब्रेक लिया लेकिन गार्सिया टाईब्रेक में वापसी करने में सफल रहे। पांचवें सेट में वावरिंका ने फिर खराब प्रदर्शन किया।

सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने ब्राजील के 134वें नंबर के खिलाड़ी रोजेरियो दुत्रा सिल्वा को 6-3, 6-4, 6-4 से हराया। बारह बार ग्रैंड स्लैम चैंपियन रहे जोकोविच ने तीन बार सर्विस गंवाई। आने वाले मुकाबलों में उन्हें स्पेन के राफेल नदाल का सामना करना पड़ सकता है जिसके लिए उन्हें खेल का स्तर उठाना होगा। वैसे रोजेरियो के खिलाफ उन्हें कोई मुश्किल नहीं हुई। जोकोविच ने कहा कि जीत से शुरुआत करना अच्छा है लेकिन मैं ज्यादा अच्छा नहीं खेला। अब उनकी टक्कर डेविड फेरर या जोमी मुनार से होगी।   
 
रैंकिंग पर भी पड़ेगा असर 

इस हार से तीन बार ग्रैंड स्लैम चैंपियन रहे वावरिंका की रैंकिंग में भी गिरावट होगी। वह मौजूदा 30वीं रैंकिंग से काफी नीचे फिसल सकते हैं। वह 2017 में हासिल किए अपने रैंकिंग प्वाइंट बचाने में विफल रहे। उन्होंने कहा कि मैं शुरुआत से ही जानता था कि सर्जरी के बाद मुझे फिर से मुकाम हासिल करने में एक वर्ष का समय लग सकता है। 

2015: में फ्रेंच ओपन जीत चुके हैं स्विट्जरलैंड के वावरिंका 

03: बार ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके हैं स्टेन 


अजारेंका हारीं, क्विटोवा आगे बढ़ीं 

महिला वर्ग में दुनिया की पूर्व नंबर एक बेलारूस की विक्टोरिया अजारेंका को चेक गणराज्य की कैटरिना सिनिकोवा ने 7-5, 7-5 से हरा दिया। पिछले सीजन में अपने बेटे की कस्टडी को लेकर कानूनी लड़ाई में व्यस्त रहीं अजारेंका ज्यादा मैच नहीं खेली थीं। पिछले साल जुलाई में सिमोना हालेप के खिलाफ विंबलडन में चौथे राउंड के मुकाबले के बाद यह अजारेंका का किसी ग्रैंड स्लैम में पहला मैच था। वैसे उनका मानना है कि उनके अंदर फिर शीर्ष पर पहुंचने की क्षमता है। 

इस समय उनकी 82वीं विश्व रैंकिंग है। दो बार की विंबलडन चैंपियन पेत्रा क्विटोवा ने एक सेट से पिछड़ने के बाद पेराग्वे की वेरोनिका को 3-6, 6-1, 7-5 से हराया। इस सीजन में चार खिताब जीत चुकीं क्विटोवा इस बार खिताब की दावेदारों में हैं।  

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें