खेल मंत्रालय ने ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (एआईटीए) को कड़ा झटका देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में सिर्फ भारतीय पासपोर्ट रखने वाले खिलाड़ी को ही देश का प्रतिनिधित्व करने का अधिकार है। मंत्रालय अपनी इस नीति पर पूरी तरह से कायम है। मंत्रालय के इस रुख के बाद अमेरिकी पासपोर्टधारक प्रकाश अमृतराज कोरिया के खिलाफ डेविस कप में भारत का प्रतिनिधित्व नहीं कर पाएंगे।
०
एआईटीए का सोमदेव देववर्मन, महेश भूपति, रोहन बोपन्न और युकी भांबरी सहित आठ शीर्ष खिलाड़ियों के साथ विवाद चल रहा है। इन खिलाड़ियों ने एक फरवरी से कोरिया के खिलाफ होने वाले डेविस कप मुकाबले के बहिष्कार की धमकी दी है। ऐसे में एआईटीए पूर्व भारतीय टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज के बेटे प्रकाश अमृतराज को टीम में लाने की कोशिश कर रहा था।
एआईटीए ने प्रकाश अमृतराज को टीम में लाए जाने के लिए मंत्रालय से अनुमति भी मांगी थी। लेकिन मंत्रालय ने बुधवार को साफ किया कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए टीम का चयन करना संबंधित राष्ट्रीय खेल महासंघों के अधिकार में है और इसमें मंत्रालय की कोई भूमिका नहीं है।