साल के पहले ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट आस्ट्रेलियन ओपन में दुनिया के नंबर वन और मौजूदा चैंपियन नोवाक जोकोविच का शानदार प्रदर्शन जारी है। महिलाओं में दूसरी सीड मारिया शारापोवा, चौथी सीड एग्निएस्का रद्वांस्का और अना इवानोविच भी चौथे राउंड में पहुंचने में सफल रहीं लेकिन वीनस विलियम्स को हार का सामना करना पड़ा।
लगातार तीसरी बार खिताब पर अपनी दावेदारी पेश कर रहे सर्बियाई खिलाड़ी जोकोविच ने चेक गणराज्य के रादेक स्टेपानेक को सीधे सेटों में 6-4, 6-3, 7-5 से हराया। पुरुष वर्ग के अन्य मुकाबलों में पांचवीं सीड चेक गणराज्य के थॉमस बर्डिच ने जुर्जेन मेल्जर को 6-3, 6-2, 6-2 से, आठवीं सीड जानको टिप्सारेविच ने कड़े मुकाबले में फ्रांस के जूलियन बेनेतू को 3-6, 6-4, 2-6, 6-4, 6-3 से और 15वीं सीड स्टानिसलास वावरिंका ने अमेरिका के सैम क्वेरी को 4-6, 7-5, 6-4 से हराकर आसानी से अपने अभियान को आगे बढ़ाया।
हालांकि 22वीं सीड स्पेन के फर्नांडो वर्दास्को कड़े मुकाबले में रूस के गैरवरीय खिलाड़ी केविन एंडरसन से 4-6, 6-3, 4-6, 7-6, 6-2 से हारकर उलटफेर का शिकार हो गए। महिला वर्ग में दूसरी सीड मारिया शारापोवा ने पूर्व नंबर वन खिलाड़ी अमेरिका की वीनस विलियम्स को एकतरफा मुकाबले में 6-1, 6-3 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया। शारापोवा के शक्तिशाली बैकहेंड के सामने वीनस पूरे मैच में कभी सहज नहीं दिखीं।
अन्य मुकाबलों में पांचवीं सीड एंजेलिक केर्बर ने मैडिसन कीज को 6-2, 7-5 से, छठी सीड चीन की ली ना ने सोरोना क्रिस्टी को 6-4, 6-1 से, चौथी सीड एग्निएस्का राद्वांस्का ने ब्रिटेन की हीथर वाटसन को 6-3, 6-1 से और 13वीं सीड सर्बिया की अना इवानोविच ने जेलेना जानकोविच को 7-5, 6-3 से हराकर आसानी से चौथे राउंड में प्रवेश कर लिया। 11वीं सीड फ्रांस की मारियन बार्तोली को रूस की एकेतारिना माकारोवा से 6-7, 6-3, 6-4 से हार का सामना करना पड़ा।
मिक्स्ड डबल्स के दूसरे राउंड में सानिया
भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा अमेरिका की अपनी जोड़ीदार बॉब ब्रायन के साथ मिक्स्ड डबल्स के दूसरे राउंड में पहुंच गई हैं। सानिया और बॉब की तीसरी सीड जोड़ी ने आस्ट्रेलिया के ल्यूक सैविले और सामंथा स्टोसर की गैर वरीय जोड़ी को बेहद आसानी से 6-2, 6-2 से हरा दिया। सानिया महिला डबल्स के पहले ही राउंड में हार चुकी हैं।