पांच बार की चैंपियन अमेरिका की सेरेना विलियम्स ने बृहस्पतिवार को रूस की मारिया शारापोवा को सीधे सेटों में 6-2, 6-4 से हराकर विंबलडन फाइनल में प्रवेश किया जहां उनकी टक्कर 20वीं वरीयता की स्पेन की गार्बिन मुगुरुजा से होगी जिन्होंने अन्य सेमीफाइनल में पोलैंड की एग्निस्का रदवांस्का को 6-2, 3-6, 6-3 से पराजित किया।
स्पेन की कोई खिलाड़ी 19 साल बाद विंबलडन फाइनल में पहुंची है। इससे पहले स्पेन की अरांता सांचेज विकारियो 1996 में फाइनल में पहुंची थी जबकि 1994 में हमवतन कोंचिता मार्टिनेज ने खिताब जीता था।
सेरेना ने बृहस्पतिवार को रूस की मारिया शारापोवा के खिलाफ लगातार 17वीं जीत दर्ज की। सेरेना लगातार चौथा ग्रैंड स्लैम जीतने की दहलीज पर हैं। इस साल ऑस्ट्रेलियन और फ्रेंच ओपन खिताब वो पहले ही अपनी झोली में डाल चुकी हैं।
पिछले साल उन्होंने यूएसओपन भी जीता था। पिछली बार सेरेना 2012 में विंबलडन फाइनल में पहुंची थीं। सेरेना ने कहा कि वह बेहद रोमांचित हैं। लंबे समय बाद इस मुकाम पर पहुंची हैं। रूस की शारापोवा अमेरिकी खिलाड़ी के ताकतवर रिटर्न और तेज सर्विस से पार नहीं पा सकीं। पहला सेट सेरेना ने 33 मिनट में जीत लिया था। दूसरे सेट में जब उन्होंने 3-2 की बढ़त बना ली थी तब नतीजा नजर आने लगा था।
इससे पहले अपने करियर का अब तक का सबसे बड़ा मैच खेल रही 20वीं वरीयता प्राप्त स्पेनिश खिलाड़ी गार्बिन किसी दबाव में नजर नहीं आईं और पहला सेट आसानी से जीतकर दूसरे सेट में 3-1 से बढ़त बना ली। तेरहवीं वरीयता की रादवांस्का ने दूसरे सेट में छह गेम लगातार जीतकर जोरदार वापसी का प्रयास किया।
मुगुरुजा ने निर्णायक मुकाबले में ब्रेकप्वाइंट देने के बावजूद धैर्य कायम रखा और 2-2 की बराबरी पर सर्विस गेम जीतकर उन्होंने रादवांस्का की सर्विस तोड़ी और अपनी सर्विस कायम रखते हुए 5-2 की बढ़त बना ली। जब मुगुरुजा 5-3 पर सर्विस कर रही थी तब फुट फाल्ट और डबल फाल्ट जरूर कर दिया लेकिन अपने पहले मैच प्वाइंट पर उन्होंने लहराता हुआ फारहैंड शॉट लगाकर जीत हासिल कर ली। अगले हफ्ते ताजा रैंकिंग में वह पहली बार शीर्ष दस खिलाड़ियों में शामिल हो जाएंगी।
मैराथन सेमीफाइनल में हारे बोपन्ना-मेर्जिया
भारत के रोहन बोपन्ना और उनके जोड़ीदार रोमानिया के फ्लोरिन मेर्जिया को विंबलडन टेनिस चैंपियनशिप के पुरुष डबल्स के मैराथन सेमीफाइनल में बृहस्पतिवार को नीदरलैंड के ज्यां जूलियन रोजर और रोमानिया के होरिया टेकाउ की जोड़ी से पांच सेटों में हार का सामना करना पड़ा।
बोपन्ना और मेर्जिया की नौंवीं सीड जोड़ी को रोजर और टेकाउ की चौथी सीड जोड़ी ने तीन घंटे 23 मिनट में 4-6, 6-2, 6-3, 4-6, 13-11 से हराया। इससे पहले बोपन्ना-मेर्जिया ने दुनिया की नंबर वन जोड़ी ब्रायन बंधुओं माइक और बॉब को उलटफेर का शिकार बनाकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।
पेस-हिंगिस मिक्स्ड डबल्स के सेमीफाइनल में
भारत के लिएंडर पेस और उनकी जोड़ीदार स्विट्जरलैंड के मार्टिना हिंगिस विंबलडन टेनिस चैंपियनशिप के मिक्स्ड डबल्स के सेमीफाइनल में पहुंच गए।
चौथी सीड पेस-हिंगिस की जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल में पोलैंड के मार्सिन मातकोवस्की और रूस की एलेना वेसनिना को 6-2, 6-1 से शिकस्त दी। दूसरी सीड सानिया मिर्जा और उनके जोड़ीदार ब्रुनो सुआरेस को पांचवीं वरीय जोड़ी हंगरी की टिमिया बाबोस और ऑस्ट्रिया के एलेक्जेंडर पेया ने 3-6, 7-6, 9-7 से बाहर का रास्ता दिखाया।