पिछले दिनों ग्रैंड स्लैम में सबसे ज्यादा मैच जीतने का रिकॉर्ड बनाने वाली अमेरिका की सेरेना विलियम्स सेमीफाइनल में हार गई हैं, साथ ही वह नंबर वन की रैंकिंग भी गंवा बैठीं।
साल के चौथे और अंतिम ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट यूएस ओपन के सेमीफाइनल में वर्ल्ड नंबर वन सेरेना को 10वीं वरीयता प्राप्त कैरोलिना प्लिस्कोवा ने सीधे सेटों में 6-2, 7-6 (5) से हराकर कोर्ट में सनसनी मचा दी। इस हार से सेरेना को डबल फाल्ट की तरह दोहरा झटका लगा है। सेरेना का लगातार 187 हफ्तों ने नंबर वन की रैंकिंग पर बने रहने का रिकॉर्ड टूट गया। साथ ही उनका रिकॉर्ड 23वें ग्रैंड स्लैम इस जीत जीतने की उम्मीदों पर पानी फिर गया।
अगर सेरेना खिताब जीतने में सफल हो जाती तो जर्मनी की स्टेफी ग्राफ से आगे निकल जातीं। अभी दोनों की झोली में एकसमान 22 ग्रैंड स्लैम खिताब हैं। इस साल सेरेना तीन ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंचीं लेकिन ऑस्ट्रेलियन ओपन और फ्रेंच ओपन में उन्हें उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा था। विंबलडन में उन्होंने खिताब जीतकर स्टेफी ग्राफ की बराबरी की थी। यूएस ओपन में उन्हें सेमीफाइनल में विदा लेनी पड़ी।
चेक गणराज्य की प्लिस्कोवा पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के सेमीफाइनल में खेलने उतरीं और वह भी सेरेना के खिलाफ, लेकिन उन्होंने अपनी मजबूत प्रतिद्वंद्वी का डटकर सामना किया और उनकी एक न चलने दी। इस शानदार जीत के साथ वह पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंची हैं जहां उनका सामना एंजलिक कर्बर से होगा। उन्होंने दूसरे सेमीफाइनल में कैरोलिना वोज्नियाकी को 6-4, 6-3 से पराजित कर फाइनल का टिकट कटाया।
स्टेफी ग्राफ के बाद पहली बार कोई जर्मन महिला बनेंगी नंबर वन
एंजेलिक कर्बर
- फोटो : Reuters
1993 के बाद पहली बार यूएस ओपन में महिला एकल के फाइनल में कोई चेक खिलाड़ी (कैरोलिना प्लिस्कोवा) खेलने उतरेगाी। जीत के बाद कैरोलिना प्लिस्कोवा ने कहा, "मुझे इस पर विश्वास नहीं हो रहा है। मैं जानती थी कि अगर मैं अपना नेचुरल गेम खेलूंगी तो किसी को भी पराजित कर सकती हूं। मैं सेरेना जैसी चैंपियन खिलाड़ी को हराकर फाइनल में पहुंचने पर बेहद रोमांचित हूं।" प्लिस्कोवा इससे पहले अपने 17 ग्रैंड स्लैम में खेलने के दौरान कभी भी तीसरे दौर से आगे नहीं बढ़ सकी हैं।
दूसरी ओर, स्टेफी ग्राफ के 1996 में यूएस ओपन के फाइनल में पहुंचने के बाद एंजलिक कर्बर यूएस ओपन के खिताबी मुकाबले में पहुंचने वाली जर्मनी की पहली खिलाड़ी हैं। कर्बर यूएस ओपन में इस बार बिना कोई सेट गंवाए फाइनल तक पहुंची हैं।
कैरोलिना प्लिस्कोवा ने चौथे दौर में सेरेना की बड़ी बहन वीनस के खिलाफ मैच प्वाइंट बचाया था। सेरेना के खिलाफ दूसरे सेट के टाईब्रेकर में 3-0 से आगे होने के बाद प्लिस्कोवा ने तीन गलतियां की जिनमें एक डबल फाल्ट भी था। सेरेना पहले 4-3 और फिर 5-4 से आगे थीं। पिलिसकोवा ने सेरेना के छठे डबल फाल्ट का फायदा उठाकर मैच अपने नाम किया।
एंजलिक कर्बर जिन्होंने इस साल विंबल्डन के फाइनल मे सेरेना विलियम्स को हराया था, अब वह महिला एकल टेनिस में नई नंबर वन खिलाड़ी बन जाएंगी। सोमवार को जब नई वर्ल्ड रैंकिंग जारी होगी तो कर्बर नंबर एक बनने वालीं जर्मनी की दूसरी खिलाड़ी होंगी। इससे पहले जर्मनी की स्टेफी ग्राफ नंबर एक के सिंहासन तक पहुंची थीं।