तीन बार के ग्रैंडस्लैम चैंपियन स्टेन वावरिंका ने ब्रिटिश क्वालिफायर डेनियल इवांस को 6-7, 6-3, 6-3 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया। डेढ साल फिटनेस समस्याओं से जूझते रहे वावरिंका 2017 में कैलिफोर्निया में उपविजेता रहे थे, लेकिन पिछले साल संयुक्त एटीपी मास्टर्स और डब्ल्यूटीए टूर्नामेंट से बाहर रहे।
दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी नोवाक जोकोविच को पहले दौर में बाय मिला था। वावरिंका ने दो घंटे और आठ मिनट तक चला मुकाबला जीता। पांचवीं वरीयता प्राप्त दक्षिण अफ्रीका के केविन एंडरसन को दाहिनी कोहनी की चोट के कारण टूर्नामेंट से नाम वापिस लेना पड़ा। वहीं जर्मनी के पीटर जी ने इटली के आंद्रियास सेप्पी को 7-5, 6-4 से हराया। अब वह चौथी वरीयता प्राप्त रोजर फेडरर से खेलेंगे।
दुनिया की पूर्व नंबर एक और पांच बार की ग्रैंड स्लैम विजेता मार्टिना हिंगिस अब एक बेटी की मां बन गई हैं। 38 वर्षीय हिंगिस ने खुद ट्विटर पर इसकी जानकारी दी कि वह और उनके पति हराल्ड लीमैन अब अभिभावक बन गए हैं।
लीमैन फेड कप में स्विट्जरलैंड टीम के डाक्टर हैं। हिंगिस ने पोस्ट किया है अब हम तीन हो गए हैं। हैरी और मैं अपनी बेटी लिया के दुनिया में आने के बाद बेहद उत्साहित हैं। दो साल पहले हिंगिस खेल से रिटायर हो चुकीं हैं हालांकि टेनिस की दो अन्य मॉम सेरेना विलियम्स और विक्टोरिया अजारेंका अभी भी टूर्नामेंट खेल रही हैं।