दुनिया की सबसे दमदार महिला टेनिस खिलाड़ियों में शुमार अमेरिका की सेरेना विलियम्स ने अपने ताकतवर खेल का प्रदर्शन करते हुए विंबलडन का खिताब जीत लिया। तीन सेट तक चले मुकाबले में दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी ने तीसरी सीड पोलैंड की एग्नेस्का रदवांस्का को 6-1, 5-7, 6-2 से हराकर पांचवीं बार खिताब पर कब्जा जमाया। सेरेना के कैरियर का यह रिकॉर्ड 14वां ग्रैंड स्लैम खिताब है।
जैसा पूर्व से ही कयास लगाया जा रहा था, छी सीड सेरेना उस पर खड़ी उतरीं और दूसरे सेट के मुकाबले को छोड़ दिया जाए तो अपने से ऊंची रैंकिंग वाली खिलाड़ी रदवांस्का को मैच में कहीं ठहरने नहीं दिया। सेरेना ने जबरदस्त अंदाज में शुरुआत की और पहला सेट मात्र 36 मिनट में जीत लिया। सेरेना ने रदवांस्का की सर्विस तीन बार ब्रेक की।
हालांकि दूसरे सेट में उन्हें कड़ी चुनौती मिली और रदवांस्का ने दो बार सेरेना की सर्विस ब्रेक करते हुए सेट 7-5 से अपने नाम कर लिया। इसके बाद लगा कि सेरेना की मुश्किलें बढ़ सकती हैं लेकिन चैंपियन खिलाड़ी ने तीसरे सेट में एक बार फिर आक्रामक रुख अख्तियार किया और सेट जीतने के साथ ही खिताब पर आसानी से अपना कब्जा जमा लिया।
सेरेना के आक्रामक रुख का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि तीसरे सेट का चौथा गेम उन्होंने लगातार चाए एस झोंकते हुए मात्र 49 सेकंड में जीत लिया। सेमीफाइनल में मात्र दो सेट के मुकाबले में रिकॉर्ड 24 एस लगाने वाली सेरेना ने खिताबी मुकाबले में भी अपने उसी अंदाज को कायम रखा और कुल 17 एस लगाए।
दूसरी तरह रदवांस्का मात्र दो एस ही लगा सकीं। इसके अलावा सेरेना ने 58 विनर झोंके तो रदवांस्का मात्र 13 विनर ही लगा सकीं। हालांकि रदवांस्का मैच से पहले शुक्रवार को बीमार हो गई थीं जिसका भी असर उनके प्रदर्शन पर पड़ा।
सेरेना विलियम्स-
खिताब
विंबलडन : 2002, 2003, 2009, 2010, 2012
आस्ट्रेलियन ओपन : 2003, 2005, 2007, 2009, 2010
यूएस ओपन : 1999, 2002, 2008
फ्रेंच ओपन : 2002
14: ग्रैंड स्लैम खिताब सेरेना ने कुल जीते।