सानिया मिर्जा भी कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में दान देने वालीं खेल हस्तियों में शामिल हो चुकीं हैं। इस स्टार टेनिस खिलाड़ी ने सोमवार को 1.25 करोड़ रुपये के आर्थिक सहयोग की घोषणा की। ट्विटर पर तीन अलग-अलग फोटोज पोस्ट करते हुए 33 वर्षीय हैदराबादी बाला ने लिखा कि, 'पिछले सप्ताह हमने जरूरतमंदों की सहायता के लिए एक टीम के रूप में कोशिश की थी। हजारों परिवारों को खाना दिया और एक सप्ताह में 1.25 करोड़ रुपये जुटाए, जो 1 लाख लोगों की मदद करेगा। यह सतत प्रयास जारी है और हम सब साथ है।
सानिया मिर्जा की इस पहल के बाद देश ही नहीं दुनियाभर में उनकी तारीफ हो रही है। कुछ ने तो उन्हें देश की सच्ची बेटी बताया तो कोई इस नेक काम के लिए दुआएं दे रहा है। इस बीच ट्विटर पर एक पाकिस्तानी फैन ने उनसे अपने देश के लिए भी मदद की गुहार लगाई। दरअसल, सानिया मिर्जा ने पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक से निकाह किया है, दोनों का एक बेटा भी है।
वैश्विक महामारी कोरोना वायरस का कहर देश में लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच एक अच्छी खबर यह है कि इस बीमारी से अब तक 100 लोग ठीक हो चुके हैं। सोमवार को पश्चिम बंगाल, गुजरात और महाराष्ट्र में एक-एक लोगों की मौत हो चुकी है। देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 29 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में पिछले 24 घंटों में 92 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही कुल मरीजों की संख्या 1071 हो गई है। इसमें 99 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और एक बाहर चला गया है। जबकि 942 लोगों का अभी इलाज चल रहा है।