भारत की स्टार महिला टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा और स्विट्जरलैंड की उनकी जोड़ीदार मार्टिना हिंगिस का साल के पहले ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन में भी विजय अभियान जारी है।
मेलबर्न में चल रहे इस टूर्नामेंट में टॉप सीड सानिया और हिंगिस की जोड़ी ने महिला युगल के पहले दौर में मारिआना डूक मरिना और टेलियाना परेरा की जोड़ी को 6-2, 6-3 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया।
पिछले वर्ष कुल नौ खिताब जीतने वाली सानिया और हिंगिस की जोड़ी 31 मैचों से अजेय है। सानिया और हिंगिस को गैर वरीय कोलंबिया और ब्राजील की जोड़ी के खिलाफ जीत दर्ज करने के लिए 70 मिनट तक कोर्ट पर पसीना बहाना पड़ा।
अगले दौर में सानिया और हिंगिस का सामना यूक्रेन की जुड़वा बहनें नादिया किशेनोक और यूडमायला किशेनोक की जोड़ी से होगा। सानिया और हिंगिस ने एक साथ खेलते हुए अब तक 11 डब्ल्यूटीए खिताब जीती हैं जिनमें पिछले सप्ताह का सिडनी इंटरनेशनल टूर्नामेंट भी शामिल है।
बोपन्ना और मेर्जिया की जोड़ी भी आगे बढ़ी
भारत के रोहन बोपन्ना और रोमानिया के फ्लोरिन मेर्जिया की जोड़ी ऑस्ट्रेलियन ओपन ग्रैंड स्लैम के दूसरे दौर में प्रवेश कर गई है। बोपन्ना और मेर्जिया ने पुरुष युगल के पहले दौर में ऑस्ट्रेलिया के उमर जासिका और निक किर्गियोस की जोड़ी को 7-5, 6-3 से पराजित किया।
दूसरे दौर में चौथी सीड बोपन्ना और मेर्जिया का सामना लुकास डुलोही और जीरी वेस्ली से होगा। भारत के महेश भूपति और जाइल्स मूलर की जोड़ी पहले ही दूसरे दौर में प्रवेश कर चुकी है जबकि लिएंडर पेस और जेरेमी चार्डी की जोड़ी को बुधवार को पहले ही राउंड में हार का सामना करना पड़ा था।