भारत के दिग्गज खिलाड़ियों लिएंडर पेस और महेश भूपति के साथ-साथ सानिया मिर्जा ने भी विंबलडन टेनिस चैंपियनशिप के युगल वर्ग के तीसरे दौर में जगह बना ली है।
सानिया मिर्जा और उनकी अमेरिकी जोड़ीदार लीजल ह्यूबर ने इटली की फ्लेविया पेनेटा और जर्मनी की आंद्रिया पेत्कोविच को तीन सेटों तक चले जोरदार संघर्ष में 7-6, 3-6, 6-2 से हराकर महिला युगल के तीसरे दौर में जगह बनाई।
सानिया और ह्यूबर की छठी सीड जोड़ी को शनिवार रात दूसरे दौर में गैर वरीय जोड़ी पर जीत दर्ज करने के लिए दो घंटे से अधिक समय तक कोर्ट पर पसीना बहाना पड़ा। विजेता जोड़ी ने पांच में से दो ब्रेक अंक भुनाए।
अगले दौर में सानिया और ह्यूबर का मुकाबला जापान की शूको आयोआमा और दक्षिण अफ्रीका की चैनेल शीपर्स की गैर वरीय जोड़ी से होगा।
सानिया महिला युगल के साथ-साथ मिश्रित युगल में भी किस्मत आजमा रही हैं और उन्होंने रोमानिया के होरिया टेकाऊ के साथ जोड़ी बनाई है।
भारत-रोमानिया की इस मिश्रित जोड़ी को पहले दौर में बाई मिली थी और दूसरे दौर में उनका सामना मार्टिन एमरिच और जूलिया जार्जेज की जर्मन जोड़ी से होगा।
पेस-भूपति की जोड़ी भी आगे बढ़ी
इससे पूर्व पेस और चेक गणराज्य के रादेक स्तेपानेक की चौथी सीड जोड़ी ने दूसरे दौर में ब्रिटेन के जैमी डेलगाडो और ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू एब्डन की गैर वरीय जोड़ी को लगातार सेटों में 6-4, 6-4, 6-3 से शिकस्त दी।
लेकिन भूपति और ऑस्ट्रिया के जूलियन नोल्स की आठवीं सीड जोड़ी को अमेरिका के निकोलस मुनरो और जर्मनी के सिमोन स्टेडलर की जोड़ी पर जीत दर्ज करने के लिए चार सेटों तक जूझना पड़ा।
भूपति और नोल्स ने 3-6, 6-4, 6-4, 6-2 से जीत दर्ज की। भूपति और नोल्स का तीसरे दौर में कनाडा के जैस लेवाइन और वासेक पास्पिसिल की जोड़ी से मुकाबला होगा।
तीसरे दौर में पेस और स्तेपानेक के सामने पोलैंड के लुकास कुबोट और मार्सिन मात्कोवस्की की चुनौती रहेगी।