भारत के महेश भूपति और रोहन बोपन्ना की जोड़ी ने रोम मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष युगल के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। भारतीय जोड़ी को अपने विपक्षी खिलाड़ियों के मैच छोड़ने के कारण वाकओवर मिला। हालांकि भारत की सानिया मिर्जा और अमेरिका की उनकी जोड़ीदार बेथानी माटेक सैंड्स अपना मैच हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गईं।
पुरुष युगल के क्वार्टरफाइनल में भूपति और बोपन्ना का मुकाबला चेकगणराज्य के थॉमस बर्डिच और उनके जोड़ीदार रादेक स्तेपानेक से था। लेकिन बर्डिच को मांसपेशियों में खिंचाव के कारण मैच छोड़ना पड़ा जिससे भारतीय जोड़ी को सेमीफाइनल के लिए वाकओवर मिल गया।
भूपति और बोपन्ना को फाइनल में जगह बनाने के लिए अब मैक्सिको के सैंटियागो गोंजालेज और उनके अमेरिकी जोड़ीदार स्कॉट लिप्सकी से भिड़ना होगा। दूसरी ओर महिला युगल में सानिया मिर्जा और बेथानी को टॉप सीड सारा इरानी और राबर्टा विंची की जोड़ी ने 4-6, 3-6 से हराया।