राफेल नदाल के टेनिस कोर्ट पर लौटने का स्वागत करते हुए उनके चिर प्रतिद्वंद्वी रोजर फेडरर ने कहा कि वह उससे चिंतित नहीं हैं। फेडरर यहां शुरू हुए रोटरडम विश्व टेनिस में अपने खेल पर ध्यान दे रहे हैं। वहीं, तीसरे सीड जो विलफ्रेड सोंगा को नीदरलैंड के इगोर एस ने 6-7, 6-4, 6-4 से मात दी।
फ्रांस के ही पांचवीं वरीयता प्राप्त जाइल्स साइमन ने जर्मन क्वालीफायर डेनियल ब्रांड्स पर 7-6, 6-4 से जीत दर्ज की। पिछले साल के चैंपियन फेडरर ने कहा, ‘मैंने राफा की तस्वीरें देखी। मुझे खुशी है कि उसने वापसी की। वह ऊर्जा के साथ खेल रहा है लेकिन मुझे हैरानी है कि वह फाइनल में कमजोर प्रतिद्वंद्वी से हार गया।’
पिछले दिनों सात महीने बाद मैदान पर लौटे नदाल को चिली ओपन के एकल और युगल दोनों फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। 11 ग्रैंड स्लेम खिताबों के विजेता नदाल को बाएं घुटने में चोट लगने के चलते सात महीने तक टेनिस से दूर रहना पड़ा था। फिलहाल उनकी रैंकिंग पांच है।