फेडरर 2015 के बाद पहली बार इस टूर्नामेंट में खेलेंगे। अगर वह 37 साल की उम्र में इस खिताब को जीतते हैं तो फ्रेंच ओपन के सबसे उम्रदराज विजेता होंगे। लय पाने की कोशिश में लगे फेडरर की नजरें इस टूर्नामेंट से ज्यादा विंबलडन पर हैं। फेडरर विश्व रैंकिंग में 73वें पायदान पर काबिज इटली के लोरेंजो सोनेगो के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगे और सेमीफाइनल में नडाल से भिड़ सकते हैं।
महिलाओं में हालेप दावेदार
चोट से परेशान दिग्गज अमेरिकी खिलाड़ी सेरेना विलियम्स को 20 साल में पहली बार लाल बजरी पर प्रबल दावेदार के तौर पर नहीं देखा जा रहा है। सीजन में खराब शुरुआत के बाद उनकी फिटनेस पर सवाल उठ रहे हैं। 37 साल की सेरेना अभी रिकॉर्ड 24वें ग्रैंडस्लैम खिताब का इंतजार कर रही हैं।
उन्होंने पिछला ग्रैंडस्लैम 2017 में ऑस्ट्रेलियन ओपन के रूप में जीता था। वहीं दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी जापान की नाओमी ओसाका भी लय में नहीं हैं। इन दोनों के लय में नहीं होने से मौजूदा चैंपियन सिमोना हालेप को जीत दावेदार माना जा रहा है।