दुनिया के नंबर-1 पुरुष टेनिस खिलाड़ी स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर को हाले ओपन के फाइनल में रविवार को क्रोएशिया के बोर्ना कोरिच के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा। जर्मनी में हुए इस खिताबी मुकाबले में वर्ल्ड नंबर-34 कोरिच ने फेडरर को 7-6 (6), 3-6, 6-2 से हराया। इसके साथ ही कोरिच ने फेडरर को उनके करियर के 99 वें खिताब से वंचित कर दिया। वहीं, इस जीत के साथ ही कोरिच एटीपी हाले ग्रास कोर्ट टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया।
वहीं, इस हार के साथ फेडरर ने एटीपी रैंकिंग में शीर्ष स्थान भी गंवा दिया। अब कल जारी होने वाली रैंकिंग में नडाल दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी के रूप में वापसी करेंगे। उन्होंने पिछले दिनों स्पेन के राफेल नडाल को अपदस्थ कर शीर्ष स्थान पर कब्जा जमाया था। इस हार के साथ फेडरर ने हाले में रिकार्ड 10 वां खिताब जीतने का मौका भी गंवा दिया। इसके साथ ही कोरिच ने ग्रास कोर्ट पर फेडरर के लगातार 20 जीत के अभियान को भी थाम दिया जो जून 2017 से जारी था।
गौरतलब है कि रोजर फेडरर ने शनिवार को एटीपी हाले ग्रास कोर्ट टूर्नामेंट में डेनिस कुडला को सीधे सेटों में हराकर फाइनल में पहुंचे थे। उन्होंने हाले ओपन के फाइनल में 12वीं बार जगह बनाई थी। फेडरर ने सेमीफाइनल में 7-6 (7/1), 7-5 से जीत दर्ज की थी। वहीं, कोरिच ने इस टूर्नामेंट की शुरुआत ही उलटफेर करते हुए की थी। उन्होंने पहले दौर के मैच में जर्मनी के एलेक्जेंडर ज्वेरेव को हराया था।