इस वर्ष के आखरी टेनिस टूर्नामेंट एटीपी वर्ल्ड टूर फाइनल्स में रोजर फेडरर ने फेरर को हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। रोजर फेडरर ने डेविड फेरर को 6-4, 7-6 से मात दी। रोजर फेडरर के लिए अपने ग्रुप के इस आखरी मुकाबले को जीतना जरूरी था। इसके साथ ही फेडरर ने इस जीत के साथ एक और रिकॉर्ड बना लिया है, उन्होंने इस जीत के साथ ही इस साल की 70वीं जीत हासिल की है।
मैच में फेडरर ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और फेरर को अपने सामने टिकने नहीं दिया। फेडरर ने पहले ही सेट में 2-0 की बढ़त बना ली है इसके बाद फेरर मैच में वापसी नहीं कर सके। टेनिस विशेषज्ञों का इस संबंध में कहना है कि फेरर काफी मैच खेल रहे है जिस कारण से उनकी फिटनेस पर असर पड़ रहा है। लेकिन इस बात को नजर अंदाज नहीं किया जा सकता कि स्पैनिश खिलाड़ी ने लगातार संघर्ष करते हुए मैच में वापसी करने का प्रयास किया और अगले सर्विस गेम में दो ब्रेक प्वांइट भी हासिल किए।