रामकुमार रामनाथन ने कनाडा के वासेक पोसपिसिल को सीधे सेटों में हराकर अपने पहले एटीपी सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। हालांकि अनुभवी लिएंडर पेस को न्यूपोर्ट में चल रहे हाल ऑफ फेम ओपन ग्रासकोर्ट टूर्नामेंट में युगल के क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर होना पड़ा।
चेन्नई के 23 साल के रामकुमार ने एक घंटा 18 मिनट चले मुकाबले में पोसपिसिल को 7-5, 6-2 से हराया। 161 वीं रैंकिंग के भारतीय खिलाड़ी का सामना अब अमेरिका के टिम सिमाइजेक से होगा। उधर फरवरी में डेविस कप में सर्वाधिक जीत का रिकॉर्ड बनाने के बाद पहले टूर्नामेंट में खेल रहे पेस और अमेरिकी जोड़ीदार जेमी सेराटेनी को जीवन नेंदुनचेझियन और ऑस्टिन क्रेजिसेक ने हराया।