भारत के रामकुमार रामनाथन ने हमवतन विजय सुंदर प्रशांत के साथ मिलकर शनिवार को यहां केपीआईटी-एमएसएलटीए एटीपी चैलेंजर टेनिस टूर्नामेंट में युगल खिताब जीता।
रामकुमार ने बेसलाइन पर बेहतरीन खेल का नजारा पेश किया। उनके जानदार प्रदर्शन से गैर वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने ताइपे के सुंग हुआ यांग और चेंग पेंग सीह की तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी को 7-6(3), 6-7(5), 10-7 से हराया।
रामकुमार ने मैच में पूरी जिम्मेदारी संभाली क्योंकि उनका जोड़ीदार रंग में नहीं दिखा। यह रामकुमार का एटीपी चैलेंजर में पहला युगल खिताब है। इससे पहले वह तीन बार उप विजेता रहे थे।
विजय का यह दूसरा खिताब है। उन्होंने पिछले साल अक्टूबर में वियतनाम की हो ची मिन्ह सिटी में हमवतन साकेत माइनेनी के साथ मिलकर खिताब जीता था। पुणे चैलेंजर में तीसरी बार भारतीय जोड़ी ने युगल खिताब जीता।