दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी स्पेन के राफेल नदाल ने दूसरी सीड सर्बिया के नोवाक जोकाविच को हराकर रिकॉर्ड नौंवी और लगातार पांचवीं बार फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया। नदाल दुनिया के एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जिसने लगातार पांचवीं बार यह खिताब जीता है।
फाइनल में पहला सेट 3-6 से गंवाने के बाद नदाल ने जबरदस्त वापसी की और लगातार तीनों सेट 7-5, 6-2, 6-4 से जीतकर रोलां गैरो पर अपनी बादशाहत कायम रखी। पहले सेट को छोड़ दें तो आखिरी के तीन सेटों में नदाल को कोई खास परेशानी नहीं हुई और अपने चिर परिचित अंदाज में उन्होंने जोकोविच को घुटने टेकने के लिए मजबूर कर दिया।
इसके साथ ही जोकोविच एक बार फिर कैरियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने से चूक गए। जोकोविच दूसरी बार टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचे थे लेकिन इस बार भी उन्हें निराशा हाथ लगी।
हे और पेंग की जोड़ी ने जीता महिला डबल्स खिताब
ताईवान की हे सु वेई और चीन की पेंग शुआई ने इटली की सारा ईरानी और रोबर्टा विंसी को 6-4, 6-1 से हराकर महिला डबल्स खिताब अपने नाम कर लिया। यह इस जोड़ी का दूसरा खिताब है। इससे पहले इस जोड़ी ने पिछले साल विंबलडन पर भी कब्जा जमाया था।
मौरिसमो होंगी मरे की नई कोच
2012 लंदन ओलंपिक स्वर्ण पदक और विंबलडन विजेता इंग्लैंड के एंडी मरे ने दुनिया की पूर्व नंबर एक महिला खिलाड़ी एमिलिया मौरिसमो को अपना नया कोच नियुक्त किया है। मौरिसमो इस समय फ्रांस के फेड कप की कैप्टन हैं। शुरुआती अनुबंध के अनुसार वह ग्रास कोर्ट सीजन के लिए मरे को प्रशिक्षण देंगी। दो बार की ग्रैंड स्लैम विजेता रहीं मौरिसमो ने 2009 में संन्यास ले लिया था।