दुनिया के नंबर दो खिलाड़ी राफेल नडाल को ऑस्ट्रेलियन ओपन तक 100 फीसदी फिट होने की पूरी उम्मीद है। साल के पहले ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट को शुरू होने में अभी तीन हफ्ते बचे हैं, जोकि 14 से 27 जनवरी तक मेलबर्न में खेला जाएगा।
घुटने में चोट के चलते 17 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन को सितंबर में यूएस ओपन के सेमीफाइनल में जुआन मार्टिन डेल पोत्रो के खिलाफ मुकाबले से हटना पड़ा था। इसके बाद 32 वर्षीय स्पेनिश स्टार ने नबंवर में घुटने की सर्जरी करवाई थी और हाल ही में अभ्यास शुरू किया है।
उन्होंने मुबाडाला वर्ल्ड टेनिस चैंपियनशिप के दौरान कहा कि मैंने दो हफ्ते पहले ही अभ्यास शुरू किया है। धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। मेरे पास अभी समय और उम्मीद है कि मैं मेलबर्न के लिए सौ फीसदी फिट हो जाऊंगा।