जोकोविच लगातार दूसरी बार एक समय में चारों ग्रैंडस्लैम जीतने की कवायद में लगे हैं। उन्होंने पोलैंड के युवा खिलाड़ी हुबर्ट हरकाज को 6-4, 6-2, 6-2 से पराजित किया। उनका अगला मुकाबला स्विट्जरलैंड के हेनरी लाकसोनेन से होगा।
पुरुष वर्ग में ऑस्ट्रेलिया के 21वें वरीय अलेक्स डि मिनौर ने अमेरिका के ब्रैडली क्लैन को 6-1, 6-4, 6-4 से पराजित किया लेकिन जॉर्जिया के 15वीं वरीयता प्राप्त निकोलोज बासिलशविली पहले दौर में हार गए। उन्हें अर्जेंटीना के जुआन इग्नेसियो लोंडेरो ने 6-4, 6-1, 6-3 से हराया। रूस के 12वें वरीय दानिल मेदवेदेव भी टूर्नमेंट से बाहर हो गए। फ्रांस के पियरे ह्यूज हरबर्ट के खिलाफ वह पहले दो सेट में जीत का फायदा नहीं उठा पाए। हरबर्ट ने यह मैच 4-6, 4-6, 6-3, 6-2, 7-5 से जीता।
इससे पहले महिला वर्ग में डेनमार्क की कैरोलिन वोज्नियाकी को पहले दौर में रूस की विश्व में 68वें नंबर के वेरोनिका कुदेरमेतोवा ने 0-6, 6-3, 6-3 से हराया। एक अन्य मैच में नीदरलैंड की चौथी वरीयता प्राप्त किकी बर्टन्स ने फ्रांस की पाउलिन पारमेंटियर को 6-3, 6-4 से शिकस्त दी। ऑस्ट्रेलिया की आठवीं वरीय एश्लेग बार्टी ने अमेरिका की जेसिका पेगुलाको 6-3, 6-3 से जबकि ब्रिटेन की योहाना कोंता ने जर्मन एंटोनिया लोटनर को 6-4, 6-4 से हराया। यह कोंटा की रोलां गैरां में पहली जीत है।