भारत की नंबर तीन खिलाड़ी प्रांजला यादलापल्ली ने रविवार को करियर में पहली बार किसी डब्ल्यूटीए टेनिस टूर्नामेंट के मुख्य दौर में प्रवेश कर लिया।
गुंटुर की 19 वर्षीय प्रांजला ने मुंबई ओपन के दूसरे और अंतिम क्वालिफाइंग मैच में जार्जिया की ओकसाना कलाशिनिकोवा को 6-4, 6-3 से हराकर मुख्य ड्रॉ में जगह बनाई। भारतीय खिलाड़ी ने यह मैच एक घंटे 15 मिनट में अपने नाम किया।
प्रांजला मुख्य दौर में जगह बनाने वाली चौथी भारतीय खिलाड़ी हैं। अंकिता रैना को सीधा प्रवेश मिला है, बाकी करमन कौर थांडी और रूतुजा भोंसले को वाइल्ड कार्ड से प्रवेश दिया गया है।
भारत की एक और खिलाड़ी महक जैन हालांकि जापान की हिरोका कुवाता से 3-6, 4-6 से हारकर बाहर हो गई। मुख्य दौर के मुकाबले मंगलवार से शुरू होंगे।