भारत के शीर्ष एकल खिलाड़ी प्रजनेश गुणेश्वरन चार से 10 फरवरी तक होने वाले चेन्नई ओपन एटीपी चैलेंजर 80 टेनिस टूर्नामेंट के दूसरे चरण में शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी होंगे।
तमिलनाडु टेनिस संघ द्वारा आयोजित किये जा रहे टूर्नामेंट की इनामी राशि 54,500 डालर है। प्रजनेश इस समय एटीपी रैंकिंग में 109वें स्थान पर काबिज हैं, हाल में उन्होंने साल के पहले ग्रैंडस्लैम आस्ट्रेलियाई ओपन के लिये क्वालीफाई किया और पहले दौर में हार गए।
टीएनटीए की विज्ञप्ति के अनुसार जापान के युईची सुगिता (145), फ्रांस के कोरेनटिन मोटेट (151), स्पेन के मार्टिनेज पेड्रो (165) और मिस्र के मोहम्मद सफत (186) को चेन्नई के खिलाड़ी प्रज्नेश के बाद वरीयता मिलेगी। अन्य भारतीयों में साकेत मायनेनी और युवा ससिकुमार मुकुंद शामिल हैं। विज्ञप्ति के अनुसार एकल ड्रा की कट-आफ 341 है।
भारतीयों में मुख्य ड्रॉ में रैंकिंग के आधार पर जगह बनाने वालों के अलावा चार अन्य वाइल्ड कार्ड से प्रवेश करेंगे। युगल ड्रा में भी कई भारतीय खिलाड़ी भाग लेंगे। आस्ट्रेलिया, अमेरिका, दक्षिण कोरिया, जापान, मिस्र, न्यूजीलैंड, सर्बिया, स्पेन और जर्मनी के खिलाड़ियों के टूर्नामेंट में भाग लेने की उम्मीद है।
इनपुट-भाषा